आमला। मध्यप्रदेश शासन के राजस्व विभाग ने प्रशासनिक आधार पर प्रदेश के अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार आमला तहसील में पदस्थ तहसीलदार श्री शत्रुघ्न सिंह चौहान का तबादला बैतूल जिले से सागर जिले में किया गया है।

राजस्व विभाग द्वारा वल्लभ भवन मंत्रालय भोपाल से जारी आदेश में बताया गया है कि श्री चौहान को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक सागर जिले में पदस्थ किया गया है। यह स्थानांतरण प्रशासनिक आधार पर स्वयं के व्यय पर किया गया है।

यह आदेश प्रमुख सचिव के अनुमोदन के बाद मध्यप्रदेश के राज्यपाल के नाम से जारी किया गया। आदेश पर अवर सचिव राजेश कुमार कौल के हस्ताक्षर हैं।

उल्लेखनीय है कि श्री शत्रुघ्न सिंह चौहान वर्तमान में तहसील आमला, जिला बैतूल में तहसीलदार के रूप में कार्यरत थे। उनके स्थानांतरण की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई।

राजस्व विभाग ने आदेश की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री कार्यालय, भू-संसाधन प्रबंधन आयुक्त, नर्मदापुरम एवं सागर संभाग आयुक्त, कलेक्टर बैतूल और सागर सहित संबंधित अधिकारियों को भेज दी है।