आमला| अखिल भारतीय स्तर पर घोषित दवा व्यापार बंद के समर्थन में बुधवार, 20 मई 2026 को बैतूल जिले सहित आमला, बोरदेही एवं आसपास के क्षेत्रों की समस्त दवा दुकानें बंद रहेंगी। यह निर्णय बैतूल जिला औषधि विक्रेता कल्याण संघ एवं आमला मेडिकल यूनियन के नेतृत्व में लिया गया है।
दवा व्यापारियों ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यह बंद किसी व्यक्ति, संस्था या शासन के विरोध में नहीं, बल्कि दवा व्यवसाय से जुड़ी गंभीर समस्याओं और छोटे व्यापारियों के हितों की रक्षा के उद्देश्य से किया जा रहा है।
संघ के पदाधिकारियों के अनुसार वर्तमान समय में अवैध ई-फार्मेसी, प्रिडेटरी प्राइसिंग, बिना चिकित्सकीय परामर्श के दवा बिक्री तथा नियमों के उल्लंघन जैसी गतिविधियों से पारंपरिक दवा व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। इससे न केवल छोटे दवा विक्रेताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, बल्कि आम लोगों के स्वास्थ्य पर भी खतरा बढ़ रहा है।
दवा व्यापारियों ने पोस्टर एवं जनजागरूकता अभियान के माध्यम से सरकार के सामने कई प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें अवैध ई-फार्मेसी पर सख्त रोक लगाने, GSR 220(E) एवं GSR 817(E) नियमों की समीक्षा करने, बिना पर्चे दवा बिक्री पर नियंत्रण, नकली चिकित्सकीय पर्चों पर कार्रवाई तथा फार्मेसी व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने की मांग शामिल है।
संघ ने स्पष्ट किया कि दवा कोई सामान्य वस्तु नहीं, बल्कि रोगी के जीवन से जुड़ी अत्यंत संवेदनशील सेवा है। “दवा कोई सामान नहीं, रोगी की जान से बढ़कर नहीं” जैसे संदेशों के माध्यम से दवा व्यापारियों ने जनस्वास्थ्य सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बताया है।
दवा व्यापारियों ने जिले के सभी मेडिकल संचालकों से 20 मई के भारत बंद को सफल बनाने की अपील की है। साथ ही आम जनता से सहयोग एवं समर्थन की अपेक्षा जताते हुए होने वाली असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया है।

Continue With Google
Comments (0)