बरमान घाट से सामाजिक समरसता संत यात्रा का शुभारंभ, अंबेडकर जयंती पर एकता का संदेश
नरसिंहपुर: समाज में समरसता और भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सामाजिक समरसता संत यात्रा का शुभारंभ नरसिंहपुर जिले के बरमान घाट से किया गया। यह यात्रा मां नर्मदा की विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ आरंभ हुई और विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, जबलपुर प्रांत के नेतृत्व में निकाली जा रही है।
संत श्री श्री काली नंद महाराज ने जानकारी दी कि यह यात्रा डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में शुरू की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य समाज में समरसता, सद्भावना और भाईचारे का संदेश फैलाना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक एकता को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है, और यह यात्रा उसी दिशा में एक प्रयास है।
यात्रा मार्ग:
- बरमान घाट से प्रारंभ होकर करेली नगर और नरसिंहपुर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई इतवारा बाजार पहुंचेगी।
- यहां संत रविदास की पूजा-अर्चना की जाएगी।
- बेलहाई बाजार में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा।
- आगे यह यात्रा स्टेशन मार्ग से होते हुए गोटेगांव पहुंचकर जबलपुर में संपन्न होगी।
यात्रा का नेतृत्व करते हुए, अखिल भारतीय संत समिति मध्य प्रदेश के उपाध्यक्ष एवं परम गौभक्त श्री श्री 1008 महंत बालक दास महाराज, श्री श्री काली नंद महाराज, गोपाल सोनी (क्षेत्रीय सामाजिक समरसता प्रमुख, मध्य क्षेत्र), संतोष चौबे (प्रांत सामाजिक समरसता प्रमुख), विभाग मंत्री महेंद्र सिंह चौहान, जिला समरसता प्रमुख सुनील कुमार जैन, नगर अध्यक्ष शुभम गुप्ता और नगर मंत्री शुभम मेहता सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं श्रद्धालु शामिल हुए।
पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा और लोगों ने यात्रा का जगह-जगह स्वागत कर सामाजिक एकता के संदेश को मजबूत किया।
बाइट: उमेश माधव, प्रांत मंत्री, विश्व हिंदू परिषद

Continue With Google
Comments (0)