तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला की मौत, जैसिंहनगर में सड़क हादसा

शहडोल। जिले के जैसिंहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कनाडी खुर्द गांव में शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे में बाइक चालक भी घायल हुआ है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान धनकी बसोर (40 वर्ष) निवासी करखी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि धनकी बसोर सड़क किनारे पैदल चल रही थीं, तभी तेज गति से आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई, वहीं बाइक चालक भी दुर्घटना में चोटिल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला और बाइक चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की हालत बिगड़ गई और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं घायल बाइक चालक का इलाज अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

इस घटना के बाद मृतका के परिजनों में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है।

रिपोर्टर : दीपेंद्र सिंह बघेल