कपास और तुअर की फसल के बीच उगा रहे थे गांजा, पांच थानों की पुलिस ने खेत पर दी दबिश

सोण्डवा के छोटी हथवी में 280 पौधे जब्त, 142 किलो गांजे की कीमत 7.10 लाख रुपये; आरोपी फरार

राजेश जैन अलीराजपुर 9425942501

आलीराजपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में सोण्डवा क्षेत्र के ग्राम छोटी हथवी में पुलिस ने गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश करते हुए 280 हरे पौधे जब्त किए हैं। खास बात यह है कि खेत में गांजे के पौधे अन्य फसलों के बीच उगाए जा रहे थे। जब्त पौधों का कुल वजन 142 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 7 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान खेत पर आरोपी नहीं मिला, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

मुखबिर की सूचना पर पांच थानों की संयुक्त कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर को थाना सोण्डवा पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम छोटी हथवी के पटेल फलिया में सेकड़ा उर्फ सेकड़िया पिता तुरसिंह डोडवा अपने खेत में तुअर की फसल के बीच गांजे के पौधे उगा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद सोण्डवा, बखतगढ़, उदयगढ़, चांदपुर और सोरवा थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने खेत पर दबिश दी।

पंच साक्षियों की मौजूदगी में खेत की तलाशी ली गई तो तुअर के पौधों के बीच गांजे के हरे पौधे मिले। पुलिस टीम ने पौधों को उखड़वाकर उनकी गिनती और इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल कराई। कुल 280 पौधे मिले, जिनका वजन 142 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने सभी पौधों को विधिवत जब्त कर सीलबंद किया। कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

घर और खेत पर नहीं मिला आरोपी

पुलिस ने आरोपी सेकड़ा उर्फ सेकड़िया की खेत और घर पर तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। उसके विरुद्ध थाना सोण्डवा में अपराध क्रमांक 287/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

आंबुआ में एक करोड़ से अधिक का गांजा जब्त

जिले में गांजे की अवैध खेती के खिलाफ इससे पहले भी बड़ी कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर 2026 को थाना आंबुआ क्षेत्र के दो मामलों में कुल 2,040 गांजे के पौधे जब्त किए गए थे। इनका वजन 2,079 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 4 लाख रुपये बताई गई थी। वहीं, थाना नानपुर क्षेत्र में 15 जनवरी 2026 को 165 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया था।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ बघेल और एसडीओपी डॉ. शक्तिसिंह चौहान के पर्यवेक्षण में की गई। संयुक्त टीम में पांचों थानों के थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और साइबर पुलिस टीम शामिल रही।

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।