10 हजार रुपए का समन शुल्क वसूला, नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों पर जारी रहेगी कार्रवाई

जावरा। स्कूली विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जावरा में स्कूली वाहनों की सघन जांच का अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अब तक करीब 100 स्कूली वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन मिलने पर 20 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए लगभग 10 हजार रुपए का समन शुल्क वसूला गया।

यातायात पुलिस द्वारा जांच के दौरान स्कूली वाहनों के परमिट, फिटनेस प्रमाण-पत्र, बीमा, चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस सहित सुरक्षा उपकरणों की पड़ताल की जा रही है। विशेष रूप से वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर नजर रखी जा रही है।

स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों को चेतावनी

यातायात पुलिस ने स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वाहनों में अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट, आपातकालीन निकास और अन्य सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखें। बच्चों को चढ़ाते और उतारते समय सावधानी बरतें। वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करें।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगामी दिनों में भी जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।