शहर में राष्ट्रीय सेविका समिति की ओर से शुक्रवार को भव्य पथ संचलन निकाला गया। घोष की धुन पर कदम से कदम मिलाकर चल रहीं स्वयंसेविकाओं का अनुशासन और उत्साह देखते ही बन रहा था। नगर के प्रमुख मार्गों से निकले पथ संचलन का शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

दोपहर 3 बजे सभी स्वयंसेविकाएं निजी रिसोर्ट परिसर में एकत्रित हुईं। यहां प्रांत कार्यवाहिका प्रमुख भारती दीदी कुशवाहा ने बौद्धिक देते हुए संगठन के उद्देश्यों और महिला शक्ति की भूमिका पर प्रकाश डाला। बौद्धिक के बाद स्वयंसेविकाएं कतारबद्ध होकर घोष की धुन पर पथ संचलन के लिए निकलीं। नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ संचलन पुनः रामबाग पहुंचकर संपन्न हुआ। इसमें नगर की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

तीन दर्जन से अधिक स्थानों पर पुष्पवर्षा

पथ संचलन के स्वागत के लिए शहर में तीन दर्जन से अधिक स्थानों पर मंच लगाए गए। विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने स्वयंसेविकाओं पर पुष्पवर्षा की। एक जैसी वेशभूषा में अनुशासित ढंग से कदमताल करती महिलाओं को देखने के लिए मार्गों पर लोगों की नजरें टिकी रहीं। महिलाओं की बड़ी भागीदारी और उत्साह पथ संचलन का प्रमुख आकर्षण रहा।
00000000000000