अजाक्स के नए जिलाध्यक्ष बने शिक्षक संजीव कुमार कोल,प्रीतम कोल का कार्यकाल पूर्ण
मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ (अजाक्स) ने उमरिया जिले में संगठन की कमान शिक्षक संजीव कुमार कोल को सौंपी है।26 अक्टूबर 2026 को जारी नियुक्ति आदेश के तहत उन्हें जिले का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।संजीव कुमार कोल शासकीय माध्यमिक विद्यालय बड़वाही, विकासखंड पाली में माध्यमिक शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं।अजाक्स के प्रांतीय संरक्षक जे.एन.कांसोटिया के निर्देशन,प्रांताध्यक्ष संतोष वर्मा (आईएएस) के मार्गदर्शन एवं कार्यवाहक प्रांताध्यक्ष इंजीनियर एस.एल.सूर्यवंशी की अनुशंसा पर यह नियुक्ति की गई है।संगठन बीते कई वर्षों से प्रदेशभर में अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के अधिकारी-कर्मचारियों के हितों और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठाने के साथ उनके संरक्षण के लिए कार्य कर रहा है।गौरतलब है कि इससे पहले वन विभाग से जुड़े प्रीतम कोल अजाक्स के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनका कार्यकाल पूरा होने के बाद संगठन ने उनके स्थान पर शिक्षक संजीव कुमार कोल को यह दायित्व सौंपा है। इस बदलाव के साथ जिले में संगठन के नेतृत्व की नई शुरुआत हुई है।संजीव कुमार कोल से पहले प्रीतम कोल और उनसे पूर्व शिक्षा विभाग से जुड़े बाला सिंह टेकाम भी जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।दुर्भाग्य से बाला सिंह टेकाम का कुछ वर्ष पूर्व सेवानिवृत्त होने के बाद हृदय संबंधी बीमारी के चलते निधन हो गया था।अब शिक्षा विभाग से जुड़े ही नए जिलाध्यक्ष संजीव कुमार कोल के सामने संगठन को और मजबूत बनाने,अधिकारी-कर्मचारियों को एकजुट करने तथा उनके हितों और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की चुनौती होगी।
Continue With Google