महामन बीट में करंट से चीतल की मौत,खेत की फेंसिंग में मिला विद्युत कनेक्शन_
धमोखर में वन्यजीवों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल_*
_बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के धमोखर परिक्षेत्र अंतर्गत महामन बीट में करंट की चपेट में आने से चीतल की मौत का मामला सामने आया है।24 अक्टूबर की रात नियमित गश्ती के दौरान बीट परासी के कक्ष क्रमांक पी-114 से लगे महामन गांव के राजस्व क्षेत्र में खेत की मेड़ के नीचे चीतल मृत मिला।अंधेरा होने के कारण अगले दिन वन अमले ने घटनास्थल का विस्तृत निरीक्षण किया।पार्क प्रबंधन की जांच में खेत के चारों ओर चार परतों में जीआई तार की फेंसिंग मिली,जिसे घरेलू विद्युत कनेक्शन से जोड़े जाने के प्रारंभिक साक्ष्य सामने आए हैं। इससे चीतल की मौत करंट लगने से होने की आशंका जताई गई है।हालांकि, शिकार की मंशा और आरोपियों की भूमिका को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।गौरतलब है कि इसी सप्ताह धमोखर परिक्षेत्र की बसकुटा बीट में नीलगाय की संदिग्ध मौत के मामले में वन विभाग दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुका है।ऐसे में कुछ ही दिनों के अंतराल में एक और वन्यजीव की मौत ने वन्यजीवों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।इससे पहले भी इस क्षेत्र में बाघ के शिकार से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बीच सवाल यह है कि आखिर खेतों में अवैध रूप से करंट प्रवाहित करने जैसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश कैसे लगेगा?फिलहाल पार्क प्रबंधन ने घटनास्थल का पंचनामा तैयार कर मृत चीतल के परीक्षण एवं शवदाह की कार्रवाई की है।विभाग का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है और जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान होने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।_
Continue With Google