10 करोड़ की डिवाइडर रोड अधूरी, धूल से परेशान लोग
डेढ़ साल बाद भी नेत्र अस्पताल तक नहीं बनी एक पटरी, भारी वाहनों से उड़ रहे धूल के गुबार
बड़वानी:-शहर में करोड़ों रुपए की लागत से बन रही डिवाइडर रोड अब लोगों के लिए राहत के बजाय परेशानी का कारण बनती जा रही है। नगर पालिका द्वारा करीब 10 करोड़ रुपए की लागत से बनाए जा रहे इस सड़क प्रोजेक्ट का काम डेढ़ साल बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। अंजड़ रोड पर एबी फ्यूल के सामने से लेकर नेत्र अस्पताल तक एक साइड की सड़क अब भी अधूरी और कच्ची पड़ी हुई है। इसके चलते पूरे क्षेत्र में दिनभर धूल के गुबार उड़ रहे हैं, जिससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार नगर पालिका ने वर्ष 2024 में नवरात्रि के दौरान कारंजा क्षेत्र से अंजड़ नाका पुलिया तक डिवाइडर रोड निर्माण कार्य शुरू किया था। परियोजना के तहत सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर निर्माण और सीसी रोड का कार्य
किया जाना था। अधिकांश हिस्से में सड़क निर्माण पूरा भी हो चुका है, लेकिन नेत्र अस्पताल तक एक पटरी का काम अब तक अधूरा पड़ा हुआ है। दूसरी ओर बनी सीसी रोड से वाहनों की आवाजाही शुरू हो चुकी है, जबकि अधूरी पटरी के कारण सड़क पर लगातार धूल उड़ रही है।
*बस, ट्रक और डंपरों से बढ़ रही समस्या*
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस मार्ग से दिनभर बस, ट्रक और डंपरों का भारी आवागमन रहता है। जैसे ही बड़े वाहन गुजरते हैं, सड़क पर धूल का बड़ा गुबार उठता है,
जिससे आसपास का पूरा इलाका धूल से भर जाता है। राहगीरों को आंखें बंद कर निकलना पड़ रहा है, वहीं दुकानदार और क्षेत्रवासी भी परेशान हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत सांस और एलर्जी के मरीजों को हो रही है। नेत्र अस्पताल आने वाले मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़रहा है। दोपहिया वाहन चालक धूल और उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण हादसे की आशंका के बीच सफर करने को मजबूर हैं।
*नागरिक बोले- बारिश से पहले पूरा हो काम*
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका
से मांग की है कि अधूरी सड़क का निर्माण जल्द पूरा कराया जाए। साथ ही नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए, ताकि लोगों को धूल से राहत मिल सके। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते काम पूरा नहीं हुआ तो बारिश शुरू होने पर सड़क की हालत और खराब हो जाएगी तथा आवागमन भी प्रभावित होगा। लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि करोड़ों रुपए की परियोजना होने के बावजूद निर्माण कार्य इतनी धीमी गति से क्यों चल रहा है। अधूरी सड़क के कारण हादसों का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।

Continue With Google
Comments (0)