आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 210 पेटी अवैध शराब की जब्त*

 

*आलीराजपुर,21 मई 2026।* कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी आर. एस. रॉय. के मार्गदर्शन में जिले में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 210 पेटी अवैध मदिरा जब्त की है। जब्त की गई शराब की कुल मात्रा लगभग 2160 बल्क लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 51 हजार 920 रुपए आंकी गई है। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने वृत्त जोबट अंतर्गत ग्राम देहदला के अजनार फलिया स्थित एक मकान पर दबिश दी, जहां बड़ी मात्रा में अवैध शराब छुपाकर रखी गई थी। कार्रवाई के दौरान मौके से आरोपी अनिल पिता वेस्ता फरार हो गया। उसके विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी विभाग द्वारा मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। यह पूरी कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी जी.एस.रावत के नेतृत्व में संपन्न हुई। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक श्री गंभीर सिंह वास्कले, श्री जयश्री त्रिपाठी, श्री मोहित बिरला सहित विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।