विकासखंड खकनार में “कृषि रथ” का शुभारंभ, 40 गांवों तक पहुंचेगी आधुनिक खेती की जानकारी


खकनार (जिला बुरहानपुर),  कृषक कल्याण वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में विकासखंड खकनार से कृषि विभाग द्वारा “कृषि रथ” का शुभारंभ किया गया। यह रथ 16 मई से 27 मई 2026 तक संचालित रहेगा और प्रतिदिन 4 गांवों में पहुंचकर कुल 40 ग्रामों के कृषकों को आधुनिक खेती, उर्वरक वितरण की नई व्यवस्था तथा वैज्ञानिक कृषि तकनीकों की जानकारी देगा।
इस अभियान में कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, सहकारिता विभाग तथा कृषि विज्ञान केंद्र, बुरहानपुर के वैज्ञानिक और अधिकारी संयुक्त रूप से किसानों को मार्गदर्शन दे रहे हैं। कृषि रथ का मुख्य उद्देश्य e-विकास पोर्टल के माध्यम से उर्वरक प्राप्त करने की प्रक्रिया, एग्रीस्टैक से खसरा लिंक कर e-Token बनाने की विधि, तथा फसल एवं अवधि अनुसार संतुलित उर्वरक उपयोग की जानकारी देना है। अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और पारदर्शी प्रणाली के तहत समय पर उर्वरक प्राप्त करें।
अभियान के दौरान किसानों को प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण, संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, मिट्टी नमूना संग्रहण, खरीफ फसल की तैयारी, कीट-रोग नियंत्रण, लागत घटाकर लाभ बढ़ाने की तकनीक तथा नरवाई/पराली प्रबंधन पर वैज्ञानिक जानकारी दी जा रही है।
कृषि रथ के शुभारंभ अवसर पर मंजू दादू (विधायक, नेपानगर), राहुल जाधव (किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष), अशोक पटेल (जिला पंचायत सदस्य), निलेश चौकसे (जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि), हिम्मत सिंह निकम, राहुल पवार सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
वैज्ञानिक एवं विभागीय अधिकारियों में डॉ अमोल देशमुख (वरिष्ठ वैज्ञानिक), प्रताप सिंह जमरे (एस.ए.डी.ओ.), जे. एस. चौहान, अभिषेक पटेल, निखिल पाटिल एवं अनिल मेडा मौजूद रहे। बड़ी संख्या में कृषक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कृषि विभाग ने सभी कृषकों से आग्रह किया है कि वे एग्रीस्टैक में खसरा लिंक कराकर e-Token बनाएं और उर्वरक वितरण की नई व्यवस्था का लाभ उठाएं। यह पहल किसानों तक वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाकर आधुनिक, लाभकारी और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।