प्रगतिरत नर्मदालोक एवं नाला निर्माण कार्य का एई-जेई ने किया निरीक्षण
समयसीमा और गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
नर्मदापुरम्। नगर पालिका के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट नर्मदा लोक कॉरिडोर के प्रथम चरण अंतर्गत पर्यटन घाट पर जारी निर्माण कार्य एवं रसूलिया क्षेत्र में प्रारंभ हुए नाला निर्माण कार्य का प्रभारी सहायक यंत्री अजीत तिवारी एवं उपयंत्री रीना गुप्ता ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित निर्माण एजेंसियों को समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
उपयंत्री रीना गुप्ता ने बताया कि नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले के निर्देशन में पर्यटन घाट पर नर्मदा लोक कॉरिडोर का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। प्रभारी सहायक यंत्री अजीत तिवारी ने स्थल पर पहुंचकर निर्माण की गुणवत्ता और कार्य प्रगति की समीक्षा की।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना के तहत रसूलिया क्षेत्र में प्रारंभ हुए नाला निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया कि कार्य निर्धारित समय में पूर्ण किया जाए तथा गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण के समय वार्ड पार्षद प्रतिनिधि रोहित गौर भी उपस्थित रहे।
तेज गति से आगे बढ़ रहा नर्मदा लोक कॉरिडोर कार्य
उपयंत्री रीना गुप्ता ने बताया कि पर्यटन घाट पर नर्मदा लोक कॉरिडोर का कार्य तेज गति से प्रगति पर है। घाट क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के लिए पिलर लगाकर व्यवस्थित पार्किंग स्थल विकसित किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को वाहन पार्किंग की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। वहीं अधिकारियों ने बारिश से पहले नाला निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए हैं।