खिमलासा: डबरी में मिला तीन दिन से लापता युवक का शव, परिजनों ने पुलिस पर लगाए लापरवाही के गंभीर आरोप
खिमलासा (मध्य प्रदेश):
खिमलासा थाना क्षेत्र अंतर्गत नईबस्ती, नेमा बावड़ी के पास स्थित डबरी में गुरुवार सुबह कंजिया निवासी 28 वर्षीय रामगोपाल यादव (पिता सरमन यादव) का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक पिछले तीन दिनों से लापता था और खुरई स्थित शराब दुकान पर काम करता था।
सुबह 8:30 बजे स्थानीय लोगों ने देखा शव
गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे स्थानीय लोगों ने डबरी में एक शव तैरता देखा, जिसकी सूचना तुरंत खिमलासा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला, जिसके बाद उसकी पहचान कंजिया निवासी रामगोपाल यादव के रूप में हुई।
परिजनों के पुलिस पर गंभीर आरोप
घटना के बाद मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश है। परिजनों ने खिमलासा पुलिस पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि घटना से एक दिन पहले पुलिस मृतक की मोटरसाइकिल और मोबाइल थाने ले गई थी। परिजनों का कहना है कि रामगोपाल शराब के नशे की हालत में वहीं पड़ा हुआ था, लेकिन पुलिस उसे उसी हालत में छोड़कर चली गई और उसका फोन व बाइक जब्त कर ली।
परिजनों का आरोप है कि यदि पुलिस उसके पास से मिले मोबाइल से परिजनों को समय रहते सूचना दे देती, तो वे उसे घर ले आते और उसकी जान बचाई जा सकती थी।