मां जागेश्वरी धाम पर राधे-राधे प्रभात फेरी मंडल ने किया भव्य कन्या पूजन
बीना (सागर): राधे-राधे प्रभात फेरी मंडल द्वारा गुरुवार की सुबह मां जागेश्वरी धाम पर चैत्र नवरात्रि के अवसर पर भव्य कन्या पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष लता सकवार ने विधिवत पूजा की शुरुआत की।
प्रातः 5:00 बजे मां जागेश्वरी धाम से शुरू हुई यात्रा 6:30 बजे धाम पर पहुंची, जहां ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो साक्षात देवियां विराजमान हों। कुशवाहा समाज की डेढ़ माह की बच्ची के पांव पखारकर पूजा का शुभारंभ किया गया।
इसके बाद सभी कन्याओं को तिलक और रोरी लगाकर चुनरी उड़ाई गई एवं प्रसाद का वितरण किया गया। भक्तों ने बताया कि चैत्र नवरात्रि के अंतिम चरण में अष्टमी और नवमी तिथि पर विशेष रूप से कन्या पूजन का विधान है, जिसे देवी की साक्षात उपासना का रूप माना जाता है।
राधे-राधे प्रभात फेरी मंडल ने छोटी कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानते हुए उनका पूजन किया। इस अवसर पर डॉ. रूपनारायण, डोली राय, मोहित सेन, और सिया देवी ने भक्तिपूर्ण भजनों द्वारा सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का समापन सभी कन्याओं की आरती के साथ किया गया।
अध्यक्ष लता सकवार ने कहा, "कन्याएं देवी के स्वरूप में होती हैं और इनकी पूजा साक्षात देवी की पूजा है। आज मुझे जो अवसर मिला, मैं धन्य हो गई।"
इस विशेष आयोजन ने भक्तों को आध्यात्मिक ऊर्जा और देवी की कृपा से सराबोर कर दिया।

Continue With Google
Comments (0)