• नशा मुक्ति के लिए कड़ी निगरानी और प्रभावी कार्रवाई के कलेक्टर-एसपी ने दिए निर्देश

Mp/sehore

• कलेक्टर की अध्यक्षता में NCORD की बैठक आयोजित 

                  कलेक्टर श्री बालागुरू के. की अध्यक्षता में नार्को कॉर्डिनेशन सेंटर समिति (NCORD) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. तथा एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने नशा उन्मूलन एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर नियंत्रण को लेकर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नागरिकों को नशे की प्रवृत्ति से बचाना प्रशासन का उद्देश्य है। इसके लिए तस्करों और अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी के साथ-साथ समाज में जागरूकता बढ़ाना भी आवश्यक है।

      उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूल-कॉलेजों में नशा उन्मूलन जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएं। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि जिले में संवेदनशील स्थानों पर सतत् निगरानी रखी जाए। उन्हांने डीएफओ को जिले में अफीम, भांग आदि मादक फसलों की अवैध खेती पर कड़ी निगरानी रखने तथा ऐसी गतिविधियों को तुरंत चिन्हित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार जिला आबकारी अधिकारी को मादक पदार्थों का पता लगाने और कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने नशे के रूप दवाओं के उपयोग को रोकने के लिये मेडिकल स्टोर्स से बिना प्रिस्क्रिप्शन के दवाओं का विक्रय नहीं करने और समय समय पर मेडिकल स्टोर्स की जांच करने के निर्देश दिए।

      उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी तथा सामाजिक न्याय विभाग के उप संचालक को स्कूलों और कॉलेजों में नशीली दवाओं के उपयोग के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने और जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को नशा पीड़ितों के उपचार और परामर्श सेवाओं को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि प्रशासन, पुलिस और समाज के संयुक्त प्रयास से ही नशामुक्त जिला बनाने का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। बैठक में सभी विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई और आगे की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में डीएफओ श्रीमती अर्चना पटेल सहित पुलिस, वन, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक न्याय सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।