आमला। जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी केवल अपने वार्ड तक सीमित न रखते हुए वार्ड क्रमांक 9 की पार्षद एवं यूथ कांग्रेस जिला महासचिव कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने रविवार को वार्ड क्रमांक 6 के रहवासियों की परेशानी को देखते हुए मटन मार्केट से रेलवे पटरी की ओर जाने वाले बदहाल मार्ग पर मुरूम डलवाकर सुधार कराया। बारिश के कारण यह रास्ता लंबे समय से कीचड़ और गड्ढों में तब्दील था, जिससे प्रतिदिन यहां से गुजरने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
खास बात यह है कि जिस क्षेत्र में पार्षद खुशबू अतुलकर ने सड़क सुधार की पहल की, वह उनका अपना वार्ड नहीं बल्कि वार्ड क्रमांक 6 के अंतर्गत आता है। स्थानीय लोगों की परेशानी सामने आने के बाद उन्होंने समस्या के समाधान के लिए पहल की और मार्ग पर मुरूम डलवाई। इससे लोगों को फिलहाल कीचड़ और गड्ढों से राहत मिली है।
*रोज गिर रहे थे राहगीर, बच्चों को भी हो रही थी परेशानी*
मटन मार्केट से रेलवे पटरी की ओर जाने वाला यह शॉर्टकट रास्ता वार्ड क्रमांक 6 और 7 के लोगों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, स्कूली बच्चे और आसपास के रहवासी प्रतिदिन इस रास्ते से आवागमन करते हैं। बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह पानी और कीचड़ जमा होने के साथ गहरे गड्ढे बन गए थे। फिसलन के कारण राहगीरों के गिरने और चोटिल होने की घटनाएं भी सामने आ रही थीं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर लंबे समय से परेशानी बनी हुई थी। बारिश के दिनों में हालात ऐसे हो जाते हैं कि पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। इसके बावजूद समय रहते मार्ग की सुध नहीं ली गई।
*दूसरे वार्ड की पार्षद ने सुनी समस्या, स्थानीय जनप्रतिनिधि पर सवाल*
वार्ड क्रमांक 6 की समस्या का समाधान वार्ड क्रमांक 9 की पार्षद द्वारा कराए जाने के बाद क्षेत्र में चर्चा भी शुरू हो गई है। रहवासियों का कहना है कि जब समस्या वार्ड 6 की है तो उसके समाधान के लिए संबंधित वार्ड के जनप्रतिनिधि को प्राथमिकता से आगे आना चाहिए था। लोगों का आरोप है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि घर-घर पहुंचकर समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाते हैं, लेकिन बाद में मूलभूत सुविधाओं के लिए भी नागरिकों को परेशान होना पड़ता है।
ऐसे में वार्ड 9 की पार्षद खुशबू विजय अतुलकर द्वारा अपने वार्ड की सीमा से बाहर जाकर लोगों की समस्या पर पहल करना स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
*मुरूम से मिली राहत, अब स्थायी सड़क की मांग*
मार्ग पर मुरूम डाले जाने के बाद फिलहाल लोगों को आवागमन में राहत मिली है, लेकिन स्थानीय रहवासियों का कहना है कि मुरूम डालना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। तेज बारिश होने पर मुरूम बहने और मार्ग फिर से कीचड़ में तब्दील होने की आशंका बनी रहेगी।
रहवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि मटन मार्केट से रेलवे पटरी की ओर जाने वाले इस महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग का निरीक्षण कर स्थायी सड़क निर्माण अथवा पक्की मरम्मत कराई जाए, ताकि वार्ड 6 और 7 के लोगों को हर बारिश में कीचड़, गड्ढों और फिसलन से जूझना न पड़े।
Continue With Google
Comments (0)