बिना नियमित प्रशिक्षण के रचा इतिहास: अलीराजपुर की वेदिका महेश पटेल ने शूटिंग में जीते 3 रजत और टीम गोल्ड
29वीं एम.पी. स्टेट .22 राइफल शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन, जिले का नाम किया रोशन
रिपोर्टर : मुस्तकीम मुगल
आलीराजपुर। जिला अलीराजपुर की प्रतिभाशाली शूटिंग खिलाड़ी कुमारी वेदिका महेश पटेल ने 29th M.P. State .22 Rifle Shooting Championship (बीएसएफ रेवती रेंज, इंदौर) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले को गौरवान्वित किया है। वेदिका ने प्रतियोगिता में व्यक्तिगत वर्ग में तीन रजत पदक तथा टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल कर बड़ी उपलब्धि अपने नाम की।
वेदिका की उपलब्धियां इस प्रकार रहीं:
यूथ वर्ग (Individual) – रजत पदक
जूनियर वर्ग (Individual) – रजत पदक
सीनियर वर्ग (Individual) – रजत पदक
टीम इवेंट – स्वर्ण पदक
जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग की अधिकारी सुश्री संतरा निनामा ने बताया कि वेदिका ने बिना नियमित प्रशिक्षण और अकादमी की सुविधाओं के अभाव में यह सफलता हासिल की है। प्रतियोगिता में प्रथम एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली खिलाड़ी खेल एवं युवा कल्याण विभाग की अकादमी से जुड़ी हैं और उन्हें प्रतिदिन प्रशिक्षकों द्वारा नियमित प्रशिक्षण दिया जाता है। ऐसे में सीमित संसाधनों के बावजूद वेदिका का द्वितीय स्थान प्राप्त करना जिले के लिए अत्यंत गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि यदि वेदिका को भविष्य में निरंतर एवं उच्चस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए तो वे राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का नाम रोशन करने की क्षमता रखती हैं।
वेदिका की इस शानदार उपलब्धि पर जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती संपत्तिया उइके, कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान, सांसद श्रीमती अनीता नागर सिंह चौहान, जोबट विधायक श्रीमती सेना महेश पटेल, कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर, पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह, जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग की अधिकारी सुश्री संतरा निनामा सहित जिले के खेल प्रेमियों एवं खिलाड़ियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
Continue With Google
Comments (0)