आलोट,। शिक्षा के साथ खेलों को समान महत्व देने की अपनी समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री महावीर विद्यालय,आलोट ने विद्यार्थियों को एक और अनमोल सौगात दी है। विद्यालय परिसर में अत्याधुनिक क्रिकेट अभ्यास क्षेत्र (पिच एवं नेट) का भव्य शुभारंभ किया गया। यह नई सुविधा निश्चित रूप से क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता शिवनारायण सोलंकी एवं विद्यालय के प्राचार्य मनोज शर्मा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से विकेट पूजन कर किया गया। शुभ अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए पिच पर पहली गेंद खेली और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि शिवनारायण सोलंकी ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की एक सशक्त पाठशाला हैं। उन्होंने कहा कि श्री महावीर विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना दूरदर्शी सोच का परिचायक है। इससे निश्चित रूप से क्षेत्र के खिलाड़ी भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
विद्यालय के प्राचार्य मनोज शर्मा ने कहा कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं। अनुशासन, समर्पण और खेल भावना ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। उन्होंने बताया कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है, ताकि वे शिक्षा के साथ खेल जगत में भी नई उपलब्धियां हासिल कर सकें।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ सदस्यों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय प्रबंधन सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए नवाचार करता रहा है। नई क्रिकेट सुविधा से छात्रों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा और उनकी प्रतिभाओं को नया मंच प्राप्त होगा।
उद्घाटन के बाद छात्र खिलाड़ियों ने मैदान पर अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। अपने ही विद्यालय में आधुनिक क्रिकेट सुविधा मिलने से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और उमंग दिखाई दी। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को मिठाई वितरित कर इस ऐतिहासिक क्षण की खुशियां साझा की गईं।
श्री महावीर विद्यालय की यह पहल न केवल खेल संस्कृति को मजबूत करेगी, बल्कि क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों के सपनों को नई उड़ान देने का कार्य भी करेगी।

Continue With Google
Comments (0)