आलोट/ रतलाम। मेरा युवा भारत द्वारा विकसित भारत अभियान के अंतर्गत शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रतलाम में आयोजित जिला स्तरीय नशा मुक्ति कार्यक्रम में आलोट के शासकीय सांदीपनी विद्यालय ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी का ध्यान आकर्षित किया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने लोकगीत समूह नृत्य एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान तथा नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर आलोट और रतलाम जिले का नाम गौरवान्वित किया। अब यह टीम भोपाल में आयोजित प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. यशवंत कुमार मिश्रा तथा युवा अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
समापन समारोह में भाजपा खेल प्रकोष्ठ के अनुज शर्मा, सीएसपी सत्येंद्र नंदोरिया, जिला खेल अधिकारी रुचि शर्मा तथा जिला युवा समन्वयक (सीबीएसई) श्वेता वेंचरकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सांदीपनी विद्यालय की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य फिरोज खान, उप प्राचार्य पीयूष शर्मा, विद्यालय गतिविधि प्रभारी कल्पना शर्मा, इशिका खिची तथा ब्लॉक कोऑर्डिनेटर दुर्गा शंकर मोयल ने विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश स्तर पर भी विद्यालय के प्रतिभागी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें खेल, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर समाज में सकारात्मक संदेश देना था। सांदीपनी विद्यालय के विद्यार्थियों की उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि आलोट की युवा प्रतिभाएं किसी भी मंच पर अपनी क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने में सक्षम हैं।
Continue With Google
Comments (0)