इंडो-नेपाल कबड्डी चैंपियनशिप में ट्राइडेंट की रिंकी यादव ने जीता लगातार दूसरा स्वर्ण पदक
नर्मदापुरम/बुधनी। नेपाल के पोखरा में आयोजित 11वीं इंडो-नेपाल कबड्डी चैंपियनशिप-2026 में भारतीय कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। टीम की कप्तानी कर रहीं ट्राइडेंट ग्रुप बुधनी में कार्यरत रिंकी यादव ने टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
29 से 31 जुलाई तक आयोजित इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही रिंकी यादव ने इंडो-नेपाल कबड्डी चैंपियनशिप में लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल हासिल किया है। इससे पहले जनवरी 2026 में हुई 10वीं इंडो-नेपाल चैंपियनशिप में भी रिंकी भारतीय टीम का हिस्सा थीं और टीम ने स्वर्ण पदक जीता था।
लगातार दो चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल करना रिंकी की मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। खास बात यह है कि वह खेल के साथ अपनी पेशेवर जिम्मेदारियां भी पूरी कर रही हैं। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं और कार्यस्थल की जिम्मेदारियों के बीच बेहतर तालमेल बनाकर रिंकी ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया है।
अपनी उपलब्धि पर रिंकी यादव ने कहा कि 11वीं इंडो-नेपाल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है। लगातार दूसरी बार चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतना उनके लिए विशेष उपलब्धि है। उन्होंने परिवार, टीम साथियों और ट्राइडेंट ग्रुप के सहयोग के लिए आभार जताया।
रिंकी ने ट्राइडेंट ग्रुप के चेयरमैन एमेरिटस पद्मश्री राजिंदर गुप्ता के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर देने वाली सोच ने उन्हें अपने लक्ष्य के लिए और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा दी।
रिंकी यादव की यह उपलब्धि ट्राइडेंट ग्रुप में कर्मचारियों को कार्यक्षेत्र के साथ-साथ खेल और अन्य क्षेत्रों में प्रतिभा विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करने की संस्कृति को भी दर्शाती है। ग्रुप की ‘अर्न, लर्न एंड ग्रो’ सोच के तहत कर्मचारियों को अपनी क्षमताओं को निखारने और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
Continue With Google
Comments (0)