बजरिया की सेठानी के दरबार में इनामों की बरसात, 1000 से ज्यादा लोगों ने आजमाई किस्मत; 51 बने विजेता
दो स्कूटी से लेकर फ्रिज, वॉशिंग मशीन और एलईडी टीवी तक निकले इनाम, महालक्की ड्रॉ में उमड़ा जनसैलाब
शमशाबाद। नगर के हृदय स्थल बजरिया स्थित बजरिया की सेठानी के दरबार में रविवार देर शाम बजरिया युवा संगठन के तत्वावधान में महालक्की ड्रॉ का भव्य आयोजन हुआ। नवरात्रि महोत्सव के तहत हर साल आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम इस बार भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। नगर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से 1000 से अधिक लोगों ने ड्रॉ में हिस्सा लेकर अपनी किस्मत आजमाई। इनाम जीतने की उम्मीद और उत्साह के बीच पूरा बजरिया प्रांगण लोगों से खचाखच भरा रहा।
दो स्कूटी सहित 51 इनामों की सौगात
महालक्की ड्रॉ में इस बार कुल 51 आकर्षक इनाम रखे गए थे। प्रथम पुरस्कार के रूप में दो स्कूटी, द्वितीय पुरस्कार में फ्रिज, तृतीय पुरस्कार में वॉशिंग मशीन और चतुर्थ पुरस्कार में 32 इंच की एलईडी टीवी रखी गई। इनके अलावा कूलर, मिक्सर, प्रेस, डिनर सेट सहित घरेलू उपयोग की कई वस्तुएं भी पुरस्कारों में शामिल रहीं। मंच के सामने सजे इनामों को देखकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया।
छोटी बच्चियों ने निकाली पर्चियां, 51 नामों की हुई घोषणा
ड्रॉ की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए दो छोटी बच्चियों से कूपन बॉक्स में से पर्चियां निकलवाई गईं। कांच के बड़े बॉक्स में रखे कूपनों में से एक-एक कर 51 विजेताओं के नाम निकाले गए। जैसे ही मंच से विजेताओं के नामों की घोषणा होती, लोगों में उत्सुकता बढ़ जाती और परिसर तालियों व उत्साह से गूंज उठता। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को मंच से पुरस्कार वितरित किए गए।
नगर परिषद अध्यक्ष सहित कई अतिथि रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर परिषद अध्यक्ष भारती प्रदीप माहेश्वरी शामिल हुईं। गुरुकुलम स्कूल के संचालक धनेश पाठक, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष मनोज साहू, पार्षद अंकित चौहान, पार्षद कंछेदी कुशवाहा और नरेंद्र साहू सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। बजरिया युवा संगठन की ओर से सौरभ साहू, साकेत साहू सहित संगठन के सदस्यों ने आयोजन की व्यवस्थाएं संभालीं।
सेठानी के जयकारों से गूंजा बजरिया
नवरात्रि महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाला यह महालक्की ड्रॉ बजरिया की सेठानी के दरबार में हर साल लोगों को आकर्षित करता है। इस बार भी नगर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मंच संचालन नगर के समाजसेवी सौरभ साहू ने किया। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने अतिथियों और उपस्थित श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
Continue With Google