वन भूमि पर कब्जे की कोशिश नाकाम, 3 जगह पहुंचा वन अमला; कंधी में हटाई बाड़

शमशाबाद में वन विभाग की कार्रवाई: बरोदिया रोड और भगवानपुर रोड पर अतिक्रमण का प्रयास विफल, वन कक्ष 271 और 229 में की निगरानी

शमशाबाद। वन भूमि पर कब्जे की कोशिशों को रोकने के लिए वन विभाग ने सख्ती दिखाई है। मंगलवार को शमशाबाद वन परिक्षेत्र के तीन स्थानों पर अतिक्रमण के प्रयासों की सूचना पर वन अमला मौके पर पहुंचा। बरोदिया रोड और भगवानपुर रोड क्षेत्र में वन भूमि पर कब्जे की कोशिश को विफल किया गया, वहीं ग्राम कंधी में वन भूमि पर लगाई गई बाड़ को हटाया गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर अवैध कब्जा, कटाई या अतिक्रमण का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वन मंडल अधिकारी हेमंत यादव (IFS) के मार्गदर्शन और वन परिक्षेत्र अधिकारी हेमंत प्रताप सिंह (प्रशिक्षु IFS) के निर्देशन में 27 अक्टूबर को यह कार्रवाई की गई। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, बीट शमशाबाद के बरोदिया रोड और भगवानपुर रोड स्थित वन कक्ष क्रमांक 271 में वन भूमि पर अतिक्रमण के प्रयास को विफल किया गया।

इसी क्रम में बीट वर्धा के ग्राम कंधी स्थित वन कक्ष क्रमांक 229 में नए अतिक्रमण के प्रयास की सूचना मिली। इस पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और वहां लगाई गई बाड़ को हटा दिया। कार्रवाई के दौरान शमशाबाद वन परिक्षेत्र का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

ग्रामीणों को पहले ही दी थी चेतावनी

वन विभाग ने बताया कि ग्रामीणों को पहले ही सूचित किया जा चुका है कि वन भूमि पर अवैध कब्जा करने, अतिक्रमण करने या पेड़ों की कटाई का प्रयास करने पर कार्रवाई की जाएगी। वन भूमि की सुरक्षा और संरक्षण के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। अधिकारियों के निर्देशन में अतिक्रमण रोकने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।