सड़क निर्माण में नियमों की उड़ रही धज्जियां 

ग्रामीण बोले- जिम्मेदारों की मिलीभगत से हो रहा खेल

बैतूल। ग्राम पंचायत कोंडरखापा में निर्माणाधीन सड़क को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में कराया जा रहा सड़क निर्माण कार्य बेहद घटिया गुणवत्ता का है और निर्माण में मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस सड़क से वर्षों तक लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद थी, वही सड़क निर्माण के दौरान ही सवालों के घेरे में आ गई है।

ग्रामीणों के अनुसार इस सड़क निर्माण कार्य का जिम्मा जिस ठेकेदार द्वारा संभाला जा रहा है, उसे ग्रामीण विधायक का करीबी बता रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में निम्न स्तर की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिसके कारण सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच नहीं कराई गई तो सरकारी राशि का दुरुपयोग होने के साथ-साथ ग्रामीणों को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित ठेकेदार द्वारा पहले भी कई निर्माण कार्यों में धांधली की गई है। उनका कहना है कि विधायक का नाम लेकर लोगों को डराया-धमकाया जाता है और इसी प्रभाव के चलते कोई भी खुलकर विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटा पाते। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रभाव का इस्तेमाल कर मनमाने तरीके से कार्य कराए जा रहे हैं और गुणवत्ता की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और कार्य की वास्तविक स्थिति की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी धन का दुरुपयोग रोका जा सके और गांव को टिकाऊ एवं गुणवत्तापूर्ण सड़क मिल सके।