बल्देवगढ़ क्षेत्र के ग्राम देवरदा में खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने वाला टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट इस वर्ष भी पूरे उत्साह और भव्यता के साथ आयोजित किया जा रहा है। विगत 22 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहे इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का यह 23वां संस्करण है, जो स्वर्गीय श्री दशारय सिंह जू देव की पुण्य स्मृति में ग्राम देवरदा के खेल मैदान में आयोजित किया जा रहा है।
टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ 17 जनवरी 2026 से होगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र के युवाओं और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस प्रतियोगिता में आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की अनेक टीमों के भाग लेने की संभावना है, जिससे रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
टूर्नामेंट के आयोजक श्री रविन्द्र सिंह बुंदेला ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रतियोगिता न केवल खेल भावना को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है, बल्कि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा दर्शकों के लिए बैठने, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
आयोजक समिति द्वारा समस्त क्षेत्रवासियों, खेल प्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों का हार्दिक स्वागत, वंदन एवं अभिनंदन किया गया है तथा अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की गई है।