दूषित पानी से बच्चों की मौत पर दिग्विजय सिंह ने जताया गहरा दुःख
जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
बैतूल। राज्यसभा सांसद एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी विकासखंड के ग्राम दानवा खेड़ा में दूषित पानी के कारण फैली खुजली की बीमारी से मासूम बच्चों की मौत पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि कुछ माह पूर्व भी इसी समस्या से बच्चों की मृत्यु हो चुकी है, इसके बावजूद प्रशासन ने अपेक्षित संवेदनशीलता और तत्परता नहीं दिखाई।
उन्होंने कहा कि लगातार शिकायतों और स्थानीय विरोध के बावजूद स्थिति में सुधार न होना गंभीर चिंता का विषय है। दिग्विजय सिंह ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें लापरवाही अस्वीकार्य है।
उन्होंने मांग की कि ग्राम में तुरंत स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, दूषित जल स्रोतों की जांच और सुधार किया जाए, प्रभावित ग्रामीणों विशेषकर बच्चों को समुचित चिकित्सा सुविधा दी जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

Continue With Google
Comments (0)