सिंगरौली
कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केंद्र बैढ़न का किया औचक निरीक्षण
शत-प्रतिशत ऑक्यूपेंसी और कुपोषित बच्चों की पहचान हेतु दिए निर्देश
सिंगरौली 28 अप्रैल 2026 / कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने पोषण पुनर्वास केंद्र, बैढ़न का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में बच्चों के उपचार, आहार एवं स्वच्छता संबंधी मानकों का बारीकी से अवलोकन किया। कलेक्टर श्री बैनल ने केंद्र की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि एनआरसी में बेड ऑक्यूपेंसी शत-प्रतिशत रखी जाए। उन्होंने कहा कि कुपोषण के विरुद्ध अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि केंद्र में बेड खाली हों, तो तत्काल महिला एवं बाल विकास विभाग से समन्वय कर प्रभावित बच्चों को भर्ती कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के दूरस्थ एवं दुर्गम अंचलों में विशेष सर्वे किया जाए। साथ ही ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के कुपोषित बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उन्हें एनआरसी में भर्ती कराना सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें समय पर उचित पोषण एवं चिकित्सकीय देखभाल मिल सके। कलेक्टर ने केंद्र में भर्ती बच्चों की माताओं एवं परिजनों से भी संवाद किया। उन्होंने केंद्र द्वारा प्रदान किए जा रहे भोजन एवं सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया तथा ड्यूटी पर तैनात स्टाफ को निर्देशित किया कि वे बच्चों की रिकवरी रिपोर्ट पर निरंतर नजर रखें और परिजनों को पोषण संबंधी जानकारी भी दें।निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह, सिविल सर्जन डॉ. कल्पना रवि सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी एवं एनआरसी प्रभारी उपस्थित रहे।

Continue With Google
Comments (0)