कट्ठीवाड़ा। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, पोष्टिक एवं रुचिकर मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को पुराने बीआरसी भवन, कट्ठीवाड़ा में विकासखंड स्तरीय रसोई प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में स्व-सहायता समूहों की रसोइयों एवं सहायिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वाद, पोषण, स्वच्छता और नवाचार का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत आलीराजपुर के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य मध्यान्ह भोजन में उपयोग होने वाली सामग्री से पौष्टिक, स्वादिष्ट और बच्चों की पसंद के अनुरूप नवीन व्यंजन तैयार करने को प्रोत्साहित करना था। साथ ही स्थानीय खाद्य परंपराओं को बढ़ावा देने, भोजन निर्माण में नवाचार एवं रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने तथा पोषण, स्वाद और लागत के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रयास भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन के साथ हुआ। इस अवसर पर बीआरसी शैलेन्द्र सिंह डावर ने कहा कि मध्यान्ह भोजन योजना के अंतर्गत बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं स्वास्थ्यवर्धक भोजन उपलब्ध कराने के लिए रसोइयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से यह प्रतियोगिता आयोजित की गई है, ताकि वे अपने अनुभव और नवाचारों को साझा कर सकें।
प्रतियोगिता में 17 स्व-सहायता समूहों की 30 रसोइयों एवं सहायिकाओं तथा विद्यालय प्रबंधन समिति की 2 रसोइयों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने तुवर एवं चना दाल, आलू-बालोर की सब्जी, गेहूं की रोटी, पराठे, बाजरे की रोटी, खिचड़ी, खीर-पूड़ी सहित विभिन्न पौष्टिक व्यंजन तैयार कर प्रस्तुत किए। तैयार व्यंजनों का स्वाद और गुणवत्ता का मूल्यांकन पूर्व जनपद अध्यक्ष भदु पचाया, भाजपा मंडल अध्यक्ष जयराज सिंह जादव, जनपद सीईओ गोपाल प्रजापति, बीईओ वीरेन्द्र सिंह जादव, बीआरसी शैलेन्द्र सिंह डावर, उत्कृष्ट उमावि प्राचार्य झेन्दू सिंह कनेश सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों ने किया।
शासन की मंशा के अनुरूप करें कार्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष जयराज सिंह जादव ने कहा कि मध्यान्ह भोजन योजना बच्चों के पोषण और शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण योजना है। सभी समूहों को शासन की भावना के अनुरूप कार्य करते हुए बच्चों को स्वच्छ, स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में योगदान देना चाहिए, जिससे शिक्षा के प्रति उनका आकर्षण बढ़े।
गायत्री समूह ध्याना रहा अव्वल
प्रतियोगिता में गायत्री स्व-सहायता समूह, ध्याना की रसोइया श्रीमती इंदिराबाई ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें 5 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
द्वितीय स्थान पर गीता स्व-सहायता समूह मोरघा, लक्ष्मी स्व-सहायता समूह बोकड़िया तथा एकीकृत माध्यमिक शाला कनेरा की रसोइयों ने संयुक्त रूप से स्थान प्राप्त किया। इन्हें 3-3 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।
तृतीय स्थान श्याम स्व-सहायता समूह आंबाडबेरी, मोरियावाड़ा समूह, गायत्री समूह मोटीबड़ोई, तारा समूह चांदपुर तथा चंदा समूह चांदपुर की रसोइयों को प्रदान किया गया। प्रत्येक को 2-2 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
इसके अलावा गीता स्व-सहायता समूह कवछा एवं शिवशंकर स्व-सहायता समूह आमखुंट को सांत्वना पुरस्कार स्वरूप 1-1 हजार रुपये प्रदान किए गए।
प्रतिभागियों को मिले स्टील टिफिन
प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप व्यक्तिगत स्टील टिफिन वितरित किए गए। पुरस्कार वितरण जिला पंचायत सदस्य भदु पचाया, भाजपा मंडल अध्यक्ष जयराज सिंह जादव, जनपद सीईओ गोपाल प्रजापति, बीईओ वीरेन्द्र सिंह जादव एवं बीआरसी शैलेन्द्र सिंह डावर द्वारा किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य झेन्दू सिंह कनेश, अशोक बारिया, नोरतन डावर, जितेन्द्र चौहान, दिग्विजय सिंह मेवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अंत में मध्यान्ह भोजन प्रभारी जितेन्द्र सिंह चौहान ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Continue With Google
Comments (0)