टीकमगढ़, मध्य प्रदेश। सावन के प्रथम सोमवार को टीकमगढ़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने श्रद्धालुओं की खुशियां मातम में बदल दीं। सागर हाईवे पर अजनौर गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 11 वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार जिला अस्पताल टीकमगढ़ में जारी है।
जानकारी के अनुसार, छतरपुर जिले के बछरवानी गांव निवासी संतोष आदिवासी अपने परिवार के साथ सावन के पहले सोमवार पर शिवधाम कुंडेश्वर में भगवान शिव के दर्शन करने आए थे। दर्शन के बाद शाम करीब 6 बजे सभी एक ही बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक अजनौर गांव के पास सागर हाईवे पर पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर जा गिरे।
हादसे में 11 वर्षीय राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संतोष आदिवासी, आरती और देवकी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल टीकमगढ़ पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती कर लिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के शव को जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। सावन के पावन अवसर पर भगवान शिव के दर्शन कर लौट रहा परिवार कुछ ही देर में सड़क हादसे का शिकार हो गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भी सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और यातायात नियमों के सख्ती से पालन कराने की मांग की है।
Continue With Google
Comments (0)