सरईवन वॉटरफॉल में डूबे 12वीं के छात्र का शव बरामद, ग्रामीणों की बहादुरी से मिला शव
दो घंटे तक चला रेस्क्यू अभियान, स्थानीय युवकों ने जोखिम उठाकर गहरे पानी से निकाला शव; क्षेत्र में शोक की लहर
संवाददाता सतीष सेन देवरी सागर
देवरीकलां। देवरी क्षेत्र के ग्राम मुआर खास निवासी 17 वर्षीय छात्र ललित साहू की सरईवन स्थित घोघरा वॉटरफॉल में डूबने से मौत हो गई। रविवार को ग्रामीणों ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गहरे पानी से छात्र का शव बाहर निकाला। इस दर्दनाक घटना से मुआर खास सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, महाराजपुर थाना क्षेत्र के सरईवन वॉटरफॉल पर ललित साहू अपने छह दोस्तों के साथ घूमने और नहाने गया था। नहाते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया। साथियों द्वारा शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और बिना किसी देरी के खोजबीन शुरू कर दी।
रेस्क्यू के दौरान राजा यादव (सरईवन), नंदराम एवं राजेश पटेल (रसेना) ने जान जोखिम में डालकर गहरे पानी में उतरकर छात्र की तलाश की। करीब दो घंटे के अथक प्रयास के बाद उन्होंने शव को बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों की इस साहसिक पहल की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है और लोग उन्हें सम्मानित किए जाने की मांग कर रहे हैं।
घटना के दौरान पुलिस के देर से पहुंचने को लेकर कुछ ग्रामीणों ने नाराजगी भी जताई। उनका कहना था कि सूचना देने के काफी समय बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि, थाना प्रभारी अजय प्रताप भदौरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सागर से गोताखोर दल बुलाने की प्रक्रिया शुरू कराई। लेकिन गोताखोरों के पहुंचने से पहले ही स्थानीय ग्रामीणों ने अपने प्रयासों से शव को बाहर निकाल लिया।
थाना प्रभारी अजय प्रताप भदौरिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची। वॉटरफॉल में बड़े-बड़े पत्थर होने के कारण शव उनके बीच फंस गया था। इसलिए अतिरिक्त रेस्क्यू टीम को भी सूचना दी गई थी, लेकिन स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शव बाहर निकाल लिया गया।
मृतक ललित साहू सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय का 12वीं कक्षा का छात्र था। उसकी असमय मौत से परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान राजेश मिश्रा, मजबूत बुंदेला, बलराम पटेल, सिविल डिफेंस की टीम तथा मुहली के सहायक सचिव नीतेश राय अपनी टीम के साथ लगातार मौके पर मौजूद रहे और बचाव कार्य में सहयोग करते रहे।
Continue With Google
Comments (0)