आलोट। इंदौर से जोधपुर जाने वाली 12465 रणथंभौर एक्सप्रेस में गुरुवार सुबह करीब 9:20 बजे लूनी रिछा स्टेशन के समीप उस समय हड़कंप मच गया, जब ट्रेन के आगे स्थित जनरल कोच के पहियों के पास से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति को गंभीर देखते हुए लोको पायलट और गार्ड ने तत्काल ट्रेन रुकवाई, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कोच के निचले हिस्से से घना धुआं उठता देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री एहतियातन ट्रेन से नीचे उतर गए। कुछ देर के लिए मौके पर दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों और ट्रेन स्टाफ ने स्थिति संभाली तथा संबंधित कोच की जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में जनरल कोच के पहियों के ब्रेक जाम होने की वजह से धुआं निकलने की बात सामने आई है। लोको पायलट, गार्ड एवं रेलवे तकनीकी कर्मचारियों ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए ब्रेक रिलीज कराया और स्थिति को नियंत्रित किया। करीब 20 मिनट तक ट्रेन लूनी रिछा स्टेशन पर खड़ी रही।
तकनीकी परीक्षण एवं सुरक्षा संबंधी जांच के बाद किसी प्रकार का खतरा नहीं पाए जाने पर ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।
घटना के चलते अप लाइन का रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। पीछे से आ रही अवध एक्सप्रेस को भी कुछ समय के लिए रोकना पड़ा, जबकि अन्य ट्रेनों की आवाजाही पर भी असर देखा गया। रेलवे के तकनीकी अमले ने संबंधित कोच का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की।
गनीमत रही कि घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ। समय रहते ट्रेन को रोककर जांच किए जाने से संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया। फिलहाल रेलवे विभाग पूरे घटनाक्रम की तकनीकी समीक्षा कर रहा है।
करीब 20 मिनट तक लूनी रिछा स्टेशन पर खड़ी रही रणथंभौर एक्सप्रेस। धुआं निकलने की घटना के बाद यात्रियों में दहशत और चिंता का माहौल देखा गया, हालांकि रेलवे की तत्परता से स्थिति जल्द सामान्य कर दी गई।

Continue With Google
Comments (0)