बैतूल में 29 से 31 मार्च तक होगा महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव
तीन दिवसीय आयोजन में कला महोत्सव, कार्निवाल और शोभायात्रा
जैन समाज के तीनों संघों का संयुक्त आयोजन
31 मार्च को किर्ती स्तंभ से निकलेगी शोभायात्रा
रक्तदान शिविर और भजन संध्या भी होंगी
बैतूल। जैन धर्म के 24वें तीर्थकर भगवान महावीर स्वामी का 2624वां जन्म कल्याणक 29 मार्च से 31 मार्च तक मनाया जाएगा। यह आयोजन मूर्तिपूजक संघ, स्थानकवासी संघ और कोठी बाजार के दिगम्बर समाज द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत 29 मार्च को शाम 7 बजे जैन दादाबाड़ी में कला महोत्सव से होगी, जिसमें ड्रामा, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। यह आयोजन कल्पना गोठी और पिंकी पगारिया के मार्गदर्शन में होगा।
30 मार्च को शाम 5.30 बजे से जैन दादाबाड़ी परिसर में महावीर कार्निवाल आयोजित किया जाएगा, जिसमें बच्चों के लिए गेम्स और खानपान के स्टॉल लगाए जाएंगे।
31 मार्च को सुबह 8.30 बजे नेहरू पार्क स्थित किर्ती स्तंभ से भगवान महावीर की शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो जिला अस्पताल, बस स्टैंड, लल्ली चौक, कोठी बाजार स्थानक भवन होते हुए संभवनाथ जैन मंदिर में समाप्त होगी। आयोजन में अधिक से अधिक सहभागिता की अपील मूर्तिपूजक संघ अध्यक्ष निलय डागा, स्थानकवासी संघ अध्यक्ष अरुण गोठी और दिगम्बर समाज कोठी बाजार अध्यक्ष राहुल लुहाड़िया ने की है।
इसी दिन सुबह 10.30 बजे महावीर नवयुवक मंडल बैतूल द्वारा जिला अस्पताल के सहयोग से जैन दादाबाड़ी में रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। इसमें जैन समाज सहित अन्य समाज के लोग भी रक्तदान करेंगे। आयोजनकर्ता प्रणय मरोठी और विनीत गोठी ने सभी से रक्तदान करने की अपील की है।
31 मार्च की शाम को जैन दादाबाड़ी में भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें राजीम (छत्तीसगढ़) के गायक सम्यक बेगानी, धीरज बोथरा, विवेक बोथरा तथा महिला मंडल भजनों की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम की जानकारी जैन समाज के प्रवक्ता सतीश पारख ने दी।

Continue With Google
Comments (0)