180 टीमें और 2000 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम: अर्जुन क्रिकेट कप की भव्य तैयारी

मुंगावली: खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाला 'अर्जुन क्रिकेट कप' इस बार विशेष आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है। आगामी 23 अप्रैल से शुरू होने वाले नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-4 का भव्य शुभारंभ मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) के अध्यक्ष महानार्यमन सिंधिया करेंगे। यह उनका अध्यक्ष बनने के बाद मुंगावली का पहला दौरा होगा, जिसे लेकर क्षेत्र के युवाओं और खेल प्रेमियों में भारी उत्साह है।

विश्राम गृह में विधानसभा स्तरीय बैठक

शनिवार को स्थानीय विश्राम गृह में विधायक बृजेंद्र सिंह यादव की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक तिवारी उपस्थित रहे। इसमें मुंगावली विधानसभा के छः मंडलों के अध्यक्ष, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। विधायक और जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि युवराज महानार्यमन सिंधिया के प्रथम नगर आगमन पर उनका ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया जाए।

महोत्सव का रूप लेगा टूर्नामेंट

ज्ञानालय परिवार के संयोजक विधायक पुत्र अर्जुन सिंह यादव ने बताया कि इस वर्ष टूर्नामेंट को एक 'महोत्सव' का रूप दिया जा रहा है। क्रिकेट के साथ-साथ इस बार कबड्डी, बैडमिंटन और खो-खो जैसे खेलों में बालिकाओं की टीमों को भी शामिल किया जाएगा। आयोजन स्थल पर नव संवत्सर और नवरात्रि के उपलक्ष्य में भव्य मेले का आयोजन होगा।

टीमों और खिलाड़ियों की संख्या में वृद्धि

अर्जुन यादव ने जानकारी दी कि पिछले वर्ष टूर्नामेंट में 156 टीमों ने हिस्सा लिया था, जबकि इस बार यह संख्या बढ़कर 180 तक पहुँचने की उम्मीद है। लगभग 2000 खिलाड़ी इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे। उन्होंने बताया कि ज्ञानालय परिवार के माध्यम से निखरे खिलाड़ी आज मध्य प्रदेश की अंडर-15 टीम व ग्वालियर टेनिस लीग जैसी बड़ी प्रतियोगिताओं में अपनी जगह बना रहे हैं।

युवाओं में भरेगा जोश

विधायक बृजेंद्र सिंह यादव ने कहा कि महानार्यमन सिंधिया स्वयं युवा हैं और उनके आगमन से क्षेत्र के उन युवाओं को प्रेरणा मिलेगी जो सीमित संसाधनों में भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं। युवराज शाम 6 बजे मुंगावली पहुँचेंगे, जिसके बाद टूर्नामेंट का विधिवत आगाज़ होगा।