रिपोर्टर नफीस खान इछावर
सीहोर के नादान गांव में अवैध शराब और सट्टे के खिलाफ महिलाओं ने मंगलवार को बड़ा प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने इछावर थाने और तहसील का घेराव कर ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि इन अवैध गतिविधियों पर लगाम नहीं लगी तो वे उग्र आंदोलन करेंगी। महिलाओं का आरोप है कि गांव का माहौल पूरी तरह खराब हो चुका है। जगह-जगह बिक रही अवैध शराब और जुआ-सट्टा घरों को बर्बाद कर रहा है। शराबियों और सटोरियों की बेलगाम हरकतों से महिलाएं और स्कूल जाने वाली बेटियां भी सुरक्षित नहीं हैं, उनके साथ अभद्रता की जा रही है।
ग्रामीणों ने दावा किया कि गांव में प्रशासनिक खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है। सार्वजनिक स्थानों पर शराबियों के जमावड़े से महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है। बार-बार शिकायत के बावजूद अवैध अड्डों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने स्पष्ट किया कि वे अब केवल आश्वासन से संतुष्ट नहीं होंगी। उन्होंने संकल्प लिया कि जब तक गांव की गलियां सुरक्षित नहीं हो जातीं और नशे के अड्डे बंद नहीं होते, उनका संघर्ष जारी रहेगा।
महिलाओं के आक्रोश को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने ज्ञापन स्वीकार कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस प्रशासन को भी नादान गांव में गश्त बढ़ाने और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
नादान गांव की महिलाओं की यह एकजुटता इछावर प्रशासन के लिए एक बड़ी चेतावनी मानी जा रही है। अब देखना यह है कि प्रशासन कागजी कार्रवाई तक सीमित रहता है या धरातल पर इन अवैध धंधों को समाप्त करने के लिए प्रभावी कदम उठाता है।

Continue With Google
Comments (0)