सवर्ण समाज संगठन ने जताया आभार, हजारों लोगों की भागीदारी से आंदोलन रहा सफल
जिलेभर से पहुंचे हजारों सवर्ण बंधुओं का संगठन ने किया धन्यवाद
फोटो -
बैतूल। सवर्ण समाज संगठन बैतूल के जिला प्रवक्ता गोल्डी मिश्रा विकास ने आंदोलन और कार्यक्रम में शामिल हुए हजारों लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सवर्ण समाज संगठन बैतूल की ओर से सभी की बहुमूल्य उपस्थिति और सक्रिय भागीदारी के लिए तहे दिल से धन्यवाद है। उन्होंने कहा कि आप सभी के मार्गदर्शन और समर्थन ने इस कार्यक्रम को यादगार बनाते हुए इसे शानदार सफलता भी प्रदान की। समाज के संगठन को मजबूत करने के लिए दिए गए सुझाव और योगदान वास्तव में सराहनीय हैं।
गोल्डी मिश्रा विकास ने कहा कि सवर्ण समाज को आरक्षण से कोई आपत्ति नहीं है। पूर्व में भी आरक्षण व्यवस्था में कई संशोधन किए गए, जिनसे समाज को कोई आपत्ति नहीं रही। लेकिन इस बार सरकार द्वारा नियम में जो संशोधन किया गया है, वह समाज में आपसी सामंजस्य और सौहार्द बिगाड़ने वाला तथा अधिक दुरुपयोग की आशंका वाला प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि इससे सामाजिक एकता के बजाय समाज में विघटन जैसा माहौल बनना स्वाभाविक है।
उन्होंने आंदोलन में भारी संख्या में पहुंचे ब्राह्मण समाज, क्षत्रिय समाज, राजपूत समाज, वैश्य समाज, जैन समाज, सिंधी समाज, रघुवंशी समाज, पंजाबी समाज, गुजराती समाज और कायस्थ समाज के सभी सवर्ण बंधुओं का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। गोल्डी मिश्रा विकास ने कहा कि मुलताई, शाहपुर, भैंसदेही, पाढर, चिचोली, भडूस, सारणी, घोड़ाडोंगरी सहित संपूर्ण बैतूल जिले के कोने-कोने से हजारों सवर्ण बंधु कार्यक्रम में शामिल हुए, जिनकी उपस्थिति से यह आयोजन सफल हो सका।
सवर्ण समाज संगठन बैतूल की ओर से पुलिस प्रशासन और समस्त पत्रकार बंधुओं का भी हृदय से आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। संगठन ने सभी के प्रति कोटि-कोटि धन्यवाद प्रेषित करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग और समर्थन की अपेक्षा व्यक्त की है।

Continue With Google
Comments (0)