_बड़वानी:-सड़क के गड्ढे में ट्रॉली के टायर फंसे, आगे बढ़ाने के लिए जेसीबी का धक्का लगते ही पलटा, बड़ा हादसा टला शहर के सिर्वी मोहल्ला की घटना, दो-तीन घंटे तक आवागमन हुआ प्रभावित, लोगों ने जताया रोष**_

बड़वानी :-शहर के महालक्ष्मी गेस्ट हाउस से झामरिया रोड, योग माया मंदिर और रानीपुरा की ओर सीमेंटीकृत सड़क को खोदकर सीवरेज लाइन डालने के बाद मिट्टी से गड्ढे भर दिए गए है। इस दौरान गुरुवार शाम 4 बजे योग माया मंदिर की ओर से पाटी नाका की ओर जा रही भूसा भरी ट्रैक्टर ट्रॉली के पहिए गड्ढे में फंस गए। टायर गड्‌ढे से निकालने के लिए पीछे से जेसीबी से धक्का दिया, वैसे ही ट्रॉली बीच रोड पर पलट गई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई हादसा नहीं हुआ, अन्यथा जनहानि भी हो सकती थी। जिस जगह ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, वहीं पास चौराहे पर गणगौर माता की अगवानी के लिए टेंट लगा हुआ था। रहवासी विकास कुमा ने कहा कि कई दिनों से सीवरेज लाइन का काम चल रहा हैं। इससे आवागमन में दिक्कत आ रही हैं। इससे हमने एक दिन पूर्व ही काम बंद करवाया था। आज शाम 4 बजे चारा भरी ट्रैक्टर ट्रॉली क्षतिग्रस्त मार्ग पर फंस गई। उसे जेसीबी से निकालने के

दौरान ट्रॉली पलट गई। जबकि उस समय आसपास से लोग गुजर रहे थे, ऐसे में बड़ा हादसा हो सकता था। साथ ही गणगौर माता के लिए टेंट लगाए गए हैं, वे क्षतिग्रस्त हो सकते थे। सड़क के दोनों ओर रहवासी मकान हैं, बच्चे खेल रहे थे। करीब दो घंटे तक ट्रॉली रोड पर ही आड़ी

पड़ी रही। संबंधित किसान ने ट्रॉली के भूसे को खाली किया, जिसके बाद ट्रॉली सीधी हो पाई। दरअसल सीवरेज कंपनी द्वारा मार्ग पर जहां लाइन डालकर चैंबर बनाए गए हैं, लेकिन कंपनी द्वारा लापरवाही बरतते हुए खोदी गई सड़कों का समय पर सुधार कार्य नहीं किया जा

रहा हैं। वहीं निर्माणधीन क्षेत्र में बैरीकैड लगे होने के बावजूद वाहन चालक अपनी मनमर्जी से वाहन निकालने से बाज नहीं आ रहे हैं। गत दिनों झामरिया मार्ग पर आयशर व ट्रॉले के पहिए गड्ढे में फंस गए थे। वहीं आए दिन बाइक सवार फिसल कर गिर रहे हैं।

काम की गति धीमी, कैसे निकलेंगे माता के रथ?

रहवासियों ने कहा कि उक्त मार्ग पर बीते 15 दिन से काम किया जा रहा हैं। काम की गति काफी धीमी है। प्रतिदिन औसत तीन-चार घंटे काम होता दिखता है। ऐसे में कई दिनों से

यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा हैं। रहवासी विकास ने कहा कि यह मार्ग शहर को पाटी, बावनगजा और रानीपुरा की ओर जोड़ता हैं। दिनभर बड़ी संख्या में वाहन यहां से गुजरते हैं। वहीं गणगौर माता के रथों की आवाजाही का यह मुख्य मार्ग हैं। रहवासियों ने प्रशासन से मांग की हैं कि जल्द मार्ग पर दुरस्ती या वैकल्पिक इंतजाम कर सुधार किया जाए। ताकि गणगौर माता को अगवानी में समस्या न झेलना पड़े।

धार से पाटी ले जाया जा रहा था चारा

पाटी क्षेत्र के चारा ठेकेदार हेमा सिंग ने कहा कि आज समीप धार जिले के गणपुर चौकड़ी से सूकला चारा भरकर ट्रॉली पाटी ले जा रहे थे, तभी बड़वानी के सिर्वी मोहल्ला में सड़क के गड्ढे में ट्रॉली फंस गई। जेसीबी वाले ने ट्रॉली निकालने में लापरवाही दिखाते हुए पीछे से तेजी से धक्का लगाया, जिससे ट्रॉली वहीं पलट गई। चारा बिखर गया और ट्रॉली भी क्षतिग्रस्त हुई। चार-पांच मजदूर लगाकर चारा उठावाया गया।