छतरपुर पुलिस

*थाना सटई पुलिस ने साप्ताहिक बाजार में परिजनों से बिछड़े 3 वर्षीय बालक को सुरक्षित मिलवाया*

 

छतरपुर पुलिस द्वारा जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित साप्ताहिक हाट-बाजारों में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की दृष्टि से आवश्यक पुलिस प्रबंध सुनिश्चित किए जाते हैं तथा पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहता है।

विगत दिवस थाना सटई अंतर्गत कस्बा सटई की साप्ताहिक बाजार में एक 3 वर्षीय बालक अपने परिजनों से बिछड़ गया। बालक की मां द्वारा अत्यंत व्याकुल अवस्था में पुलिस को सूचना दी गई। सूचना प्राप्त होते ही थाना प्रभारी सटई एवं पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए बाजार, कस्बा एवं आसपास के क्षेत्र में सघन तलाश अभियान चलाया गया।

पुलिस टीम ने लगभग 2 घंटे के भीतर बालक को दस्तयाब कर स्नेहपूर्वक संरक्षण में लिया। आवश्यक पुष्टि उपरांत पुलिस टीम द्वारा वाहन से बालक को उसके निवास स्थान, वार्ड क्रमांक 4, कस्बा सटई पहुंचाकर सुरक्षित रूप से परिजनों के सुपुर्द किया गया। बालक को सकुशल पाकर परिजनों द्वारा छतरपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया गया।

छतरपुर पुलिस द्वारा माह जनवरी वर्ष 2026 से अब तक जिले में आयोजित मेलों एवं साप्ताहिक बाजारों में 55 से अधिक बिछड़े बालक-बालिकाओं को उनके परिजनों से सुरक्षित मिलवाया जा चुका है।

उक्त त्वरित कार्यवाही में थाना प्रभारी सटई निरीक्षक सुनीता बिंदुआ, प्रधान आरक्षक आनंद पटेल, आरक्षक सुरेंद्र सिंह एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।