सीएमएचओ और जिला टीकाकरण अधिकारी ने दी सर्वाइकल कैंसर के रोकथाम की जानकारी, 30 बालिकाओं को लगाया टीका
बुदी गांव में हुआ एचपीवी टीकाकरण और जागरूकता कार्यक्रम, दी जानकारी
बड़वानी- जिले के पाटी विकासखंड स्थित शासकीय एकलव्य आदर्श बालिका छात्रावास बुदी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचपीवी टीकाकरण एवं जागरूकता शिविर हुआ। कार्यक्रम में 14 वर्ष की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीके की महत्ता समझाई गई और मौके पर ही 30 बालिकाओं को टीका लगाया गया। सीएमएचओ डॉ. सुरेखा जमरे एवं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अतुल राठौड़ ने छात्रावास की बालिकाओं को संबोधित करते हुए बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाला एक गंभीर रोग है, जिसकी रोकथाम समय पर एचपीवी टीका लगवाकर संभव है। उन्होंने टीके की सुरक्षा, प्रभावशीलता और सही उम्र में लगवाने के लाभों पर विस्तार से जानकारी दी तथा बालिकाओं की शंकाओं का समाधान किया। जागरूकता सत्र के बाद स्वास्थ्य दल ने छात्रावास में ही टीकाकरण किया, जिसमें 14 वर्ष आयु वर्ग की 30 बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया। अधिकारियों ने शेष पात्र बालिकाओं को भी जल्द टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया और छात्रावास प्रबंधन से नियमित स्वास्थ्य निगरानी बनाए रखने की अपील की।

Continue With Google
Comments (0)