बड़वानी :-शहर स्थित कृषि उपज मंडी में अब सौंफ सीजन पीक पर पहुंच चुका हैं। इस सप्ताह मंडी में सीजन की रिकार्ड सौंफ आवक 900 बोरी से अधिक रही। इसके चलते पूरे परिसर में चहुंओर सौंफ के ढेर लगे नजर आए। वहीं इस सीजन में पहली बार सौंफ के अधिकतम भाव 200 रुपए किलो तक पहुंचे। मंडी प्रशासन के अनुसार इस रविवार सौंफ की आवक 937 बोरी में 609 क्विंटल रही। अधिकतम भाव 20 हजार रुपए और न्यूनतम 6 हजार रुपए प्रति क्विंटल रहा। दरअसल साफ मौसम और तेज धूप होने से सौंफ की क्वालिटी में अब तेजी से सुधार देखने को मिल रहा हैं। गत रविवार को रंग पंचमी थी, तो अगले रविवार गणगौर की धूम रहेगी। ऐसे में गणगौर के पूर्व आए साप्ताहिक हाट के दिन कृषि मंडी में सौंफ की महक फैली। जिले सहित धार, आलीराजपुर, खरगोन, बुरहानपुर आदि स्थानों से सैकड़ों किसान उपज बेचने पहुंचे। वहीं व्यापारियों ने क्वालिटी अनुसार दाम तय किए। बंपर आवक के साथ अच्छे भाव मिलने से किसानों के चेहरे खिले नजर आए। हालांकि कुछ सौंफ उपज की क्वालिटी कमजोर होने से 60 से 100 रुपए किलो तक ही भाव मिले। वहीं मंडी में सौंफ की बंपर आवक के साथ हजारों की संख्या में शहरवासी भी सौंफ, धनिया, मिर्च-मसालों की खरीदारी के लिए उमड़े। इस दौरान दो पहिया और चार पहिया वाहन पूरे परिसर में जहां-तहां बेतरबीत रुप से खड़े करने से आवागमन में खासी दिक्कत आई। वहीं सौंफ आवक के बीच परिसर में अस्थाई दुकानें लगाने से किसानों को भी अपनी उपज रखने में परेशानी आई।
*व्यवस्थित या बाहर करवाए*
पार्किंग-को लेकर किसानों कहना है कि सौंफ आवक के बीच मंडी परिसर में पार्किंग व्यवस्था बदहाल रही। मनमर्जी की पार्किंग से लोगों को आवाजाही में खासी दिक्कत आई। परिसर में सौंफ के अलावा अन्य सामग्री की दुकानें लगाने से भी समस्या बढ़ी। मंडी प्रशासन ने चार पहिया वाहनों का प्रवेश बाहर ही रखना चाहिए और बाइक पार्किंग परिसर के एक कौने में व्यवस्थित रुप से करना चाहिए। अन्यथा भीड़भाड़ में कभी भी कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है।

Continue With Google
Comments (0)