गुना: म्याना में बारात पर चढ़ा ट्रैक्टर, दूल्हे ने छलांग लगाकर बचाई जान
गुना जिले के म्याना कस्बे में शनिवार रात एक खौफनाक घटना ने खुशियों के माहौल को दहशत में बदल दिया। मामूली सी साइड नहीं देने की बात पर एक ट्रैक्टर चालक ने अपना आपा खो दिया और नाचते-गाते बारातियों पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की। इस दौरान दूल्हे ने बग्गी से कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि बारातियों में भगदड़ मच गई।
सदर बाजार में मची चीख-पुकार, मौत बनकर दौड़ा ट्रैक्टर
मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे ग्राम चतराई से धाकड़ समाज की बारात म्याना आई थी। बारात गाजे-बाजे के साथ सदर बाजार से म्याना चौराहे की ओर बढ़ रही थी। तभी म्याना निवासी अंकित भदौरिया अपने अर्जुन महिंद्रा 4&4 (605) ट्रैक्टर के साथ वहां पहुँचा। बारात की भीड़ के चलते ट्रैक्टर को रास्ता नहीं मिल रहा था। कुछ देर इंतजार के बाद चालक अंकित ने अपना आपा खो दिया और बारातियों से अभद्रता करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने ट्रैक्टर सीधे भीड़ की ओर दौड़ा दिया।
दूल्हे ने बग्गी से लगाई छलांग, बारातियों ने भागकर बचाई जान
जैसे ही ट्रैक्टर बारात के बीच घुसा, वहां अफरा-तफरी मच गई। बग्गी के पास ट्रैक्टर को आता देख दूल्हे भूपेंद्र धाकड़ ने सूझबूझ से बग्गी से छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद नरेश धाकड़ और धर्मवीर धाकड़ सहित अन्य बारातियों ने भागकर अपनी जान बचाई। आरोप है कि बारातियों ने रोकने की कोशिश की, तो अंकित भदौरिया ने गंदी गालियां दीं और धमकी दी कि आगे जान से मार दूंगा।
थाने पहुँचा आक्रोश, पुलिस ने ट्रैक्टर किया जब्त
घटना के तुरंत बाद धाकड़ समाज और बाराती बड़ी संख्या में म्याना थाने पहुँचे। फरियादी बलवीर सिंह धाकड़ की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ तत्काल मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी के ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें ट्रैक्टर चालक की दबंगई साफ देखी जा सकती है।
पुलिस का बयान
बृजमोहन सिंह भदौरिया, थाना प्रभारी, म्याना (गुना) ने कहा, "मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत मिलते ही एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी पर धारा 281, 296 (ए), 351 (3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी अंकित भदौरिया को पकड़ लिया गया है और उसका ट्रैक्टर जब्त कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।"

Continue With Google
Comments (0)