वेब सीरीज “फौज” की शूटिंग से इछावर बस स्टैंड बना फिल्मी सेट, ठेले वाले और यात्री परेशान,
मंदिर परिसर में मांस-मदिरा सेवन का आरोप, बजरंग दल ने जताया विरोध
विजय मालवीय
इछावर,
इछावर।नगर के मुख्य बस स्टैंड पर इन दिनों वेब सीरीज “फौज” की शूटिंग चल रही है। पिछले तीन दिनों से जारी शूटिंग के चलते पूरा बस स्टैंड क्षेत्र मानो फिल्मी सेट में तब्दील हो गया है। इस वेब सीरीज में बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता इरफान खान के बेटे बाबिल खान मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं, जिसके चलते क्षेत्र में लोगों में उत्सुकता भी देखी जा रही है।
लेकिन शूटिंग के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बस स्टैंड के दोनों ओर रस्सियां बांधकर रास्ता रोक दिया गया है, जिससे यात्रियों, दुकानदारों और हाथ ठेले से फल-सब्जी बेचने वाले छोटे व्यापारियों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है।
बसों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। यात्रियों को बस पकड़ने और उतरने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोजमर्रा के काम से बस स्टैंड आने वाले लोग भी असुविधा महसूस कर रहे हैं।
स्थानीय ठेले वालों का आरोप है कि शूटिंग टीम के कुछ लोग कलेक्टर की परमिशन का हवाला देकर उन्हें ठेले हटाने के लिए दबाव बना रहे हैं। उनका कहना है कि रोज कमाकर खाने वाले छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।
इसी बीच एक और विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शूटिंग से जुड़े कुछ लोग गिलावनी माता मंदिर (दशहरा मैदान इछावर),परिसर में मांस और मदिरा का सेवन कर रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और इसका विरोध किया।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि धार्मिक स्थल की मर्यादा का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
नगरवासियों का कहना है कि क्षेत्र में फिल्म या वेब सीरीज की शूटिंग होना निश्चित रूप से गौरव की बात है, लेकिन इसके साथ-साथ आमजन की सुविधाओं और धार्मिक स्थलों की मर्यादा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। लोगों ने प्रशासन से व्यवस्था सुधारने और आमजन को राहत देने की मांग की है।

Continue With Google
Comments (0)