अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर प्राचार्य श्रीमती सुधा सलोमन का सम्मान
बुदनी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर योद्धा फाउंडेशन मध्यप्रदेश द्वारा शासकीय सांदीपनी उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय, बुदनी की प्राचार्य श्रीमती सुधा सलोमन का सम्मान किया गया। संस्था के संस्थापक पंकज जाट एवं सदस्यों ने उन्हें शाल-श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं की शक्ति, संघर्ष और उपलब्धियों को सम्मान देने का दिन है। समाज के हर क्षेत्र में महिलाएं अपनी प्रतिभा और मेहनत से नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं। शिक्षा के क्षेत्र में भी महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो आने वाली पीढ़ियों को दिशा देने का कार्य करती हैं।
कार्यक्रम में प्राचार्य श्रीमती सुधा सलोमन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने कहा कि वे एक अनुशासित, समर्पित और प्रेरणादायक शिक्षिका हैं। उनके मार्गदर्शन में विद्यालय ने शिक्षा, अनुशासन और संस्कार के क्षेत्र में लगातार प्रगति की है। वे विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रखतीं, बल्कि उन्हें नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देती हैं। उनके नेतृत्व में विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण बेहतर हुआ है और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो रही है।
इस दौरान प्राचार्य श्रीमती सुधा सलोमन ने सम्मान के लिए योद्धा फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार का है। उन्होंने कहा कि समाज और शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और यह गर्व की बात है कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं।
कार्यक्रम में शिक्षक सुरेंद्र जामलिया, महेश प्रसाद दायमा, विजय गौर, स्वेता पाठक, अंकित तिवारी, शैलेन्द्र कुमार, सोनू बेग सहित विद्यालय स्टाफ एवं योद्धा फाउंडेशन के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का माहौल उत्साह और सम्मान से परिपूर्ण रहा।