खकनार
आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम भारत संकुल खकनार द्वारा युवा जंक्शन निःशुल्क ट्रेनिंग सेंटर का हुआ शुभारंभ, आदिवासी क्षेत्र के युवाओं के लिए नई पहल
खकनार क्षेत्र में युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से “युवा जंक्शन निःशुल्क ट्रेनिंग सेंटर” का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के. के. परासर (विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक) ने सेंटर का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण केंद्र आदिवासी क्षेत्र के युवाओं के लिए बहुत उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे केंद्र युवाओं को नई दिशा देने के साथ उन्हें रोजगार के लिए सक्षम बनाते हैं।
आईटीआई खकनार के प्राचार्य शुभम विश्वकर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि यह सेंटर युवाओं के पर्सनालिटी डेवलपमेंट और कौशल विकास के लिए अत्यंत लाभकारी होगा। उन्होंने छात्रों को प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने की सलाह दी।
चौधरी सर ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि छात्रों के सीखने और आगे बढ़ने के लिए यह स्थान एक उपयुक्त मंच बनेगा।
कार्यक्रम में संघटक अधिकारी प्रदीप साहू ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। वहीं कार्यक्रम अधिकारी मुकेश सिसोदिया ने बताया कि यह प्रशिक्षण केंद्र पूरी तरह निःशुल्क है और प्रशिक्षण के बाद 100 प्रतिशत रोजगार की गारंटी देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों में सीखने की लगन और मेहनत होगी तो उन्हें आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।
इस अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण हो गया। प्रशिक्षु निकिता, पनिकिता और राहुल ने अपने पंद्रह दिवस के प्रशिक्षण अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस सेंटर से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला है और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है।
कार्यक्रम में जनपद क्षेत्र के कई सरपंच भी उपस्थित रहे। चंपालाल सरपंच ने कहा कि यह प्रशिक्षण केंद्र आदिवासी क्षेत्र के बच्चों के लिए एक बड़ी सौगात है, जिससे उन्हें भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम में मनोज चौधरी, योगेश मौर्य, नीलेश पटेल, प्रीत अंकल, पूजा गुप्ता, धर्मेन्द्र पाटीदार और गणेश जगताप सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन ट्रेनी गौरव चौहान और धनश्री जनजालकर ने किया,कृष्णपाल सिंह सगर ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Continue With Google
Comments (0)