बड़वानी। लोकायुक्त इंदौर की टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए निवाली के बीआरसी महेंद्र सिंह राठौर को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में संबंधित सब इंजीनियर को भी आरोपी बनाया गया है।

**बालिका शौचालय निर्माण में भ्रष्टाचार*

डीएसपी सुनील तमांग ने बताया कि शिक्षक जितेंद्र सोनी की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, उनके स्कूल में बालिका शौचालय निर्माण के लिए 20 हजार रुपए की राशि स्वीकृत हुई थी। आरोप है कि बीआरसी और सब इंजीनियर ने निर्माण कार्य 15 हजार में पूरा करने का दबाव बनाया और शेष राशि में से 2-2 हजार रुपये खुद के लिए तथा 1 हजार रुपए बड़वानी में देने की मांग की।

*जाल बिछाकर टीम ने बीआरसी को दबोचा*

शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त टीम ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया। योजना के तहत शिक्षक जितेंद्र सोनी को राजपुर स्थित बीआरसी के घर के पास एक एटीएम पर 5 हजार रुपये देने भेजा गया। जैसे ही बीआरसी ने रिश्वत की राशि ली, टीम ने मौके पर ही दबोच लिया। फिलहाल लोकायुक्त टीम द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।