जिले में स्वास्थ्य और महिला बाल विकास विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आज विवेकानंद सभागार ऑडिटोरियम में कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने निर्देश दिए कि जिले के प्रत्येक नागरिक की समग्र आईडी अनिवार्य रूप से बनी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं, विशेषकर स्वास्थ्य लाभों के लिए समग्र आईडी एक आधारभूत दस्तावेज है, इसलिए कोई भी परिवार इससे वंचित न रहे।
स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि वे घर-घर जाकर सर्वे करें और जिन पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड या समग्र आईडी में त्रुटि है, उसे तत्काल सुधारें। बैठक के दौरान कलेक्टर महोदया ने ज़मीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की।
सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए ताकि मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने और कुपोषण को दूर करने के लिए विशेष निगरानी रखने पर ज़ोर दिया गया।
मुख्य बिंदु:
- समग्र आईडी का अनिवार्य होना।
- आयुष्मान कार्ड या समग्र आईडी में त्रुटियों का तत्काल सुधार।
- मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी और शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करना।
- कुपोषण दूर करने के लिए विशेष निगरानी।
सीएमएचओ अनिल झामनानी ने समस्त ए.एन.एम., एम.पी.डब्ल्यू., सी.एच.ओ. और सेक्टर सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि वे स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति रिपोर्ट समय पर तैयार कर सबमिट करें। आयोजित किए जा रहे कैंप में सभी महिलाओं की स्क्रीनिंग आवश्यक रूप से करें जिसमें हीमोग्लोबिन, बीपी, शुगर आदि की जांचें शामिल हों।
बीएमओ आर.सी. मलारिया ने ब्लॉक स्तर पर आ रही व्यावहारिक समस्याओं के समाधान और कार्ययोजना पर प्रकाश डाला।
फाइलेरिया उन्मूलन: घर-घर दी जाएगी दवा
जिले को फाइलेरिया (हाथीपांव) मुक्त बनाने के संकल्प के साथ कलेक्टर ने स्वास्थ्य अमले को निर्देशित किया कि फाइलेरिया निरोधक दवाओं का डोर-टू-डोर (घर-घर) वितरण शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति दवा के सेवन से वंचित न रहे। इस अभियान की जमीनी स्तर पर प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अनिल झामनानी, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर आर.सी. मलारिया एवं अन्य स्वास्थ्य एवं महिला बल विकास कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस बैठक के माध्यम से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में और अधिक सुधार की उम्मीद जताई गई है।

Continue With Google
Comments (0)