नेता प्रतिपक्ष बोले- दूषित पानी को नगरपालिका ने बताया शुद्ध, जल सुनवाई कैंपों में लोगों को किया जा रहा गुमराह
बड़वानी -नगर पालिका के वार्डों में लगाए जा रहे 'जल सुनवाई' कैंपों पर पार्षदों ने ही सवाल खड़े कर दिए हैं। नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव ने आरोप लगाया है कि इन कैंपों में गंदे और बदबूदार पानी को भी 'शुद्ध' बताकर जनता को धोखा दिया जा रहा है।
राकेश सिंह जाधव ने बताया कि वार्ड 12 और 13 के कैंप में वे खुद वार्ड 17 (स्नेह नगर) से सीवरेज मिला हुआ गंदा पानी लेकर पहुंचे थे। इस पानी से तेज बदबू आ रही थी, लेकिन जांच के बाद वहां मौजूद टीम ने इसे 'शुद्ध' करार दे दिया।
उन्होंने कहा कि जब इतना गंदा पानी शुद्ध है, तो फिर असली शुद्ध पानी कैसा होता है, यह नगर पालिका को बताना चाहिए।
*जांच प्रक्रिया पर उठाए सवाल*
जाधव के मुताबिक, वार्ड 13 के एक निवासी राजू भाई गोले भी अपने घर के पानी का सैंपल लाए थे। उनके पानी को शुद्ध बताने के बाद जब जाधव का लाया हुआ बदबूदार पानी चेक किया गया, तो उसे और भी ज्यादा शुद्ध बता दिया गया।
नेता प्रतिपक्ष का कहना है कि नगर पालिका सिर्फ दिखावे के लिए ये कैंप लगा रही है और लोगों को गुमराह कर रही है।
*CMO को पानी पिलाने की चुनौती*
जाधव ने चेतावनी दी है कि वे इस गंदे पानी का सैंपल लेकर नगर पालिका सीएमओ के पास जाएंगे और उनसे खुद इसे पीकर इसकी शुद्धता साबित करने को कहेंगे।
उन्होंने पीएचई विभाग की जांच टीम की ईमानदारी और पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए हैं। इस मामले के बाद शहर में पानी की क्वालिटी और उसकी सरकारी जांच को लेकर बहस छिड़ गई है।

Continue With Google
Comments (0)