रायसेन जिले के सांची विकासखंड अंतर्गत कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य डाइट (DIET) भवन में 5 मार्च से शुरू हो गया है। कुल 69 परीक्षा केंद्रों से आई इन कॉपियों का मूल्यांकन 15 मार्च तक पूरा किया जाना है। शनिवार को डीपीसी पीके रैकवार ने भी मूल्यांकन केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

डाइट के प्रभारी प्राचार्य विजय नेमा के अनुसार, मूल्यांकन केंद्र पर कक्षा 5वीं की लगभग 16,695 और कक्षा 8वीं की 21,194 उत्तर पुस्तिकाएं जांच के लिए पहुंची हैं। मूल्यांकन के पहले दिन (5 मार्च) को ही शिक्षकों ने करीब 6,000 कॉपियों की जांच पूरी कर ली थी। विभाग द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार, प्रत्येक शिक्षक को प्रतिदिन 40 से 50 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने का लक्ष्य दिया गया है।

वर्तमान में प्रदेशभर में कक्षा 10वीं और 12वीं की मुख्य बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ स्कूलों में अन्य स्थानीय परीक्षाएं भी संचालित हो रही हैं। इन परीक्षाओं में ड्यूटी लगे होने के कारण डाइट केंद्र पर 5वीं और 8वीं की कॉपियां जांचने वाले शिक्षकों की संख्या में कमी देखी जा रही है। इसके बावजूद प्रशासन का प्रयास है कि 15 मार्च की तय समय सीमा तक कार्य सुचारू रूप से पूरा कर लिया जाए।

मूल्यांकन कार्य की निगरानी के लिए शनिवार को डीपीसी पीके रैकवार ने डाइट परिसर का दौरा किया। उन्होंने शिक्षकों से चर्चा कर मूल्यांकन प्रक्रिया की बारीकियों को समझा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। केंद्र पर व्यवस्था बनाए रखने और शिक्षकों की सटीक उपस्थिति जानने के लिए डाइट परिसर के मुख्य गेट पर ही कक्षा 5वीं और 8वीं की कॉपियां जांचने वाले शिक्षकों का अलग-अलग पंजीकरण किया जा रहा है।