रायसेन। जिला अस्पताल में भर्ती अपनी पत्नी की हत्या के आरोपी ने मंगलवार सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान जमुना प्रसाद गौर के रूप में हुई है, जो बीते करीब दस दिनों से अपनी पत्नी को आग लगाकर हत्या करने के आरोप में फरार चल रहा था।
जानकारी के अनुसार जमुना प्रसाद विदिशा में ट्रेन के सामने आने से घायल हो गया था, जिससे उसका एक पैर टूट गया था। इसके बाद सोमवार को उसे रायसेन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल प्रशासन के अनुसार वह सर्जिकल वार्ड में उपचाररत था।
मंगलवार सुबह करीब 9 बजे उसने शौचालय जाने की बात कही और वार्ड से निकलकर टॉयलेट में चला गया। कुछ देर बाद अंदर से झटपटाने की आवाजें आने पर अस्पताल स्टाफ को संदेह हुआ। सूचना पर स्टाफ और तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो वह अपनी पेंट के नाड़े से खिड़की पर फंदा बनाकर लटका मिला। उसे तत्काल नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. यशपाल बाल्यान ने बताया कि जमुना प्रसाद सोमवार दोपहर घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचा था। जांच के बाद उसे भर्ती किया गया था। मंगलवार सुबह टॉयलेट में फांसी लगाने की सूचना स्टाफ ने दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल परिसर में हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।