डाया भाई पेट्रोल पंप की डीजल डालने के नाम पर खुली लूट को लेकर शहर कोतवाली में कराई शिकायत दर्ज
ट्रैक्टर में कम डीजल भरने पर मामला गरमाया,पंप संचालक के विरुद्ध जयस ने जमकर जताया रोष ।

बड़वानी:- शहर के राजघाट रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर रविवार दोपहर खासा हंगामा हुआ। ट्रैक्टर में डीजल कम भरने की शिकायत लेकर पहुंचे युवाओं ने पंप संचालक के विरुद्ध जमकर रोष जताया। युवकों का आरोप था कि ट्रैक्टर चालक ने 2000 रुपए का डीजल भराने आया था, लेकिन पंप कर्मी ने 1500 रुपए का डीजल डाला। टेंक में कम डीजल पाए जाने पर फरियादी जयस कार्यकर्ताओं के साथ पेट्रोल पंप पहुंचा और शिकायत दर्ज की।

एचपी पेट्रोल पंप के मैनेजर अंकित भार्गव ने कहा कि आरोप निराधार हैं। हमारे यहां ऐसी कोई घटना नहीं हुई। ऐसी बात थी तो संबंधित ने तत्काल शिकायत करना था, वो बाद में आकर शिकायत कर रहा हैं।

जयस के कार्यकर्ताओं ने राजघाट रोड स्थित डाया भाई पेट्रोल पंप की डीजल डालने के नाम पर खुली लूट को लेकर शहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई और थाना प्रभारी को शिकायती आवेदन सौंपकर जांच मांग की। जब फरियादी व जयस कार्यकर्ता पेट्रोल पंप पर कम डीजल डालने की शिकायत लेकर पहुंचे तो पंप संचालक हाथ जोडक़र माफी मांगते नजर आए। शिकायतकर्ता ने कहा कि हाथ जोडऩे का क्या मतलब, आपकी गलती हुई हैं, इसकी शिकायत खाद्य सुरक्षा विभाग में करने की बात कही। इस दौरान पेट्रोल पंप पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि संबंधित मामले को लेकर जयस कार्यकर्ता व फरियादी कोतवाली में पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने संबंधित पंप संचालक को थाने बुलाकर समझाईश दी। हालांकि पुलिस द्वारा आवेदन लिया हैं, लेकिन फिलहाल एफआईआर दर्ज करने से इंकार किया।

शिकायकर्ता के साथ पाटी से बड़वानी आए जयस के पदाधिकारी सतीश डुडवे ने कहा कि जब हम इसकी शिकायत लेकर पंप संचालक के पास आए तो उसने अपनी गलती मानकर कर्मी को हटाने की बात कही, लेकिन बड़ा सवाल हैं कि पेट्रोल पंप पर इस प्रकार से कम पढ़े लिखे ग्रामीणों को कम डीजल डालकर लूटा जाता हैं? यह बड़ा सवाल हैं। पंप कर्मी व संचालक के विरुद्ध थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने के लिए आवेदन सौंपा हैं। साथ ही मंगलवार को जिला आपूर्ति अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पेट्रोल पंप पर जांच करने व सील करने की मांग करेंगे।

*सेठ ने कहा, कोई बात नहीं, 500 का और डीजल डलवा लो?*
वहीं इस मामले को लेकर फरियादी खुमालिया पिता नुरज्या डावर निवासी ग्राम डोंगरगांव (सिलावद) ने कोतवाली में आवेदन सौंपा। खुमालिया ने कहा कि रविवार सुबह वो ट्रैक्टर ट्रॉली से ईंट लेने बड़वानी आया था। इस दौरान बस स्टैंड स्थित एचपी पेट्रोल पंप से 2000 रुपए का डीजल डलवाया और ईंट भट्टा चला गया, लेकिन मीटर में देखा तो डीजल कम बता रहा था। इसके बाद वो वापस पेट्रोल पंप पहुंचा और पंप पर डीजल डालने वाले कर्मी से शिकायत की। इस पर कर्मी ने कहा कि उससे गलती हो गई। इसकी शिकायत करने के लिए पंप संचालक सेठ को बुलाया। कम डीजल डालने क शिकायत पर पंप संचालक सेठ ने बोला की चलता रहता है और 500 रुपए का डीजल और डालने को कहने लगे। फरियादी ने कहा कि इस प्रकार की घटना उनके साथ पूर्व में तीन बार हो चुकी हैं। संबंधित पेट्रोल पंप पर कम डीजल डालकर लूट की जा रही हैं।