म्यूजिकल फाउंटेन और हरित उद्यान से संवरेगी रेणुका झील, महापौर ने किया निरीक्षण
बुरहानपुर : नगर निगम बुरहानपुर की महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल ने आज निगम आयुक्त एवं अधिकारियों के साथ रेनुका झील पर चल रहे उन्नयन (अपग्रेडेशन) कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं निर्धारित समय-सीमा के पालन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर महापौर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष रेणुका झील में जल भराव का कार्य भी किया जाएगा, जिससे झील का जलस्तर बनाए रखने में सहायता मिलेगी। साथ ही नगर निगम द्वारा झील में आकर्षक म्यूजिकल फाउंटेन स्थापित किए जाएंगे, जो झील के सौंदर्यीकरण को नया आयाम देंगे। इसके अतिरिक्त झील के चारों ओर हरित उद्यान विकसित करने एवं व्यापक स्तर पर पौधारोपण कार्य भी किया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्र की सुंदरता में वृद्धि होगी।
इस अवसर पर महापौर ने छोटी रेणुका माता मंदिर के पास स्थित नाले पर इंटरसेप्शन डाइवर्जन कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से ताप्ती नदी में मिलने वाले पूरे शहर के गंदे पानी फिल्टर कर ताप्ती नदी में छोड़ा जाएगा, जिससे जल संरक्षण के साथ-साथ शहर की स्वच्छता व्यवस्था में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।
निरीक्षण के दौरान महापौर द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों का भी अवलोकन किया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के मुख्य चौराहों का चरणबद्ध तरीके से सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन कार्य प्रस्तावित किया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुदृढ़ हो एवं शहर का सौंदर्य बढ़े।
महापौर श्रीमती पटेल ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य शहर के समग्र विकास के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त, यांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Continue With Google
Comments (0)